Moradabad Crime: निर्यात फर्म के बाहर वेल्डर पर गड़ासे से हमला, गागन में दो गुटों में मारपीट.. पुलिस की तैनात
मुरादाबाद में निर्यात फर्म के बाहर वेल्डर पर गड़ासे से हमला कर दिया गया। इसमें वह जख्मी हो गया। दूसरी घटना में गागन चाैक पर दो गुटों पर मारपीट हो गई। तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कटघर थानाक्षेत्र के गुलाबबाड़ी स्थित फर्म के बाहर वेल्डर पर साथी कर्मचारी ने गड़ासे से हमला कर दिया। बीच बचाव कर दूसरे कर्मचारियों ने वेल्डर का किसी तरह बचाया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है। गुलाबबाड़ी स्थित निर्यात फर्म में वेल्डिंग का काम करने वाले लालबाग निवासी अजीम ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि उसकी फैक्ट्री में लक्ष्य भी मरम्मत का कार्य करता है।
अलग समुदाय का होने के कारण लक्ष्य उससे रंजिश रखता है। वह आए दिन किसी न किसी बहाने झगड़ा करता है। नौ दिसंबर को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह फर्म से बाहर निकला। इस बीच लक्ष्य ने उसके ऊपर गड़ासे से हमला कर दिया। कूल्हे पर गड़ासा लगने से वह घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी ने दूसरा वार किया। शोर मचाने पर कर्मचारियों ने उसे किसी तरह बचाया। घायल अजीम ने कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर घटना से अवगत कराया। पुलिस ने उसे इलाज कराने के लिए अस्पताल भेज दिया। दावा किया कि हमले की पूरी घटना फर्म के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कर्मचारी लक्ष्य के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
संभल रोड पर दो पक्षों में मारपीट, तीन लोग घायल
कटघर थानाक्षेत्र के संभल रोड गागन तिराहे पर रविवार रात मामूली विवाद की वजह से दो गुटों के बीच मारपीट के दौरान फायरिंग हुई। हमले में बिरयानी की दुकान में तोड़फोड़ हुई। इस बीच एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बस्तौर निवासी दो युवक बाइक से संभल रोड गागन तिराहे पर पहुंचे।
दोनों अपनी बाइक बिरयानी वाले की दुकान के पास खड़ी कर शराब ठेके पर गए। इसी समय एक कार चालक बैक करते समय वहां खड़े ऑटो और बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान कार चालक और अन्य लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि कहासुनी के दौरान ही बिरयानी वाले और उनके साथियों ने बाइक सवार दोनों युवकों को बेल्ट और लाठियों से पीट दिया।
इस बीच बाइक सवारों ने भी कॉल कर अपने गांव से कुछ साथियों को बुला लिया। रात करीब साढ़े नौ बजे गांव के लोगों ने बाइक सवार युवकों ने बिरयानी की दुकान पर हमला कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस बीच दूसरे पक्ष से भी लोग भी सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग की।
घटना की सूचना मिलते ही कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही घटना में शामिल लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने मारपीट में घायल एक पक्ष के मोहम्मदपुर बस्तौर निवासी कृपाल सिंह, संजय और काशीराम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मामला दो वर्गों के बीच का होने के कारण मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दो पक्षों में वाहन हटाने के विवाद में मारपीट हुई है। अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फोर्स बढ़ा दी गई है।