Moradabad Airport: फ्यूल स्टेशन बने तो जून में शुरू हो जाएगी उड़ान, मुरादाबाद के लोगों का बढ़ता जा रहा इंतजार
मुरादाबाद के लोग लंबे समय हवाई उड़ान का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक उड़ान की राह में फ्यूल स्टेशन रोड़ा बन रहा है। बताया जा रहा है जून में उड़ान शुरू हो सकती है।
विस्तार
मुरादाबाद की उड़ान की राह में फ्यूल स्टेशन रोड़ा बना हुआ है। एचपीसीएल कंपनी को डीजीसीए की ओर से अब तक अनुमति नहीं मिली है। अब फ्लाई बिग के कंपनी के अधिकारी भी कह रहे हैं कि हम उड़ान के लिए तैयार हैं, लेकिन फ्यूल की व्यवस्था तो हो। 31 मई कर फ्यूल स्टेशन बनाने की अनुमति मिलने की उम्मीद है।
यदि ऐसी हुआ तो निजी कंपनी का दावा है कि जून में उड़ान शुरू हो जाएगी। 10 मार्च को हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन हुआ था। इसके बाद आजमगढ़, अलीगढ़, चित्रकूट, श्रावस्ती, से उड़ान शुरू हो गई, लेकिन मुरादाबाद के हिस्से में निराशा ही आई। इस बीच कंपनी के पास एयरक्राफ्ट की भी कमी थी।
अब कंपनी ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इंडोनेशिया के पायलट भी मुरादाबाद से 19 सीटर विमान उड़ाने को तैयार हैं, लेकिन फ्यूल की बाधा समाप्त नहीं हो रही है। निजी कंपनी का स्टाफ एयरपोर्ट पर तीन माह से तैनात है। अब तक बिना किसी यात्री कार्य के कंपनी कर्मचारियों को भुगतान कर रही है।
क्यों जरूरी है फ्यूल स्टेशन
फ्लाई बिग कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि आजमगढ़, चित्रकूट व श्रावस्ती एयरपोर्ट से भी बिना फ्यूल स्टेशन के उड़ान संचालित हैं। इन हवाई अड्डों पर जाते समय लखनऊ से विमान में ईंधन भरा जाता है। लखनऊ से आजमगढ़, श्रावस्ती व चित्रकूट की फ्लाइट में आने जाने में डेढ़ घंटे या इससे अधिक समय लगता है।
इस दूरी में ईंधन खत्म नहीं होता। जबकि मुरादाबाद की लखनऊ से दूरी 355 किमी है। फ्लाइट से आने-जाने में सवा दो घंटे से अधिक का समय लगेगा। इसलिए मुरादाबाद एयरपोर्ट पर फ्यूल स्टेशन होना जरूरी है। यहां विमान में ईंधन भरे जाने के बाद ही लखनऊ के लिए रवानगी होगी।
सिर्फ तीन विमानों से तीन प्रदेशों में सेवाएं दे रही कंपनी
फ्लाई बिग कंपनी एक विमान से उत्तराखंड, दूसरे से पंजाब व तीसरे विमान से उत्तर प्रदेश में सेवाएं दे रही है। अब दो विमान और मंगाए गए हैं। कंपनी का दावा है कि नए विमान जल्द ही प्राप्त हो जाएंगे। मुरादाबाद से फ्लाइट शुरू होने के बाद लखनऊ के लिए यात्रियों की कमी नहीं होगी।
बुकिंग का जिम्मा संभालने वाली कंपनी के प्रतिनिधि ऐसा मानते हैं। फ्लाई बिग के एक अधिकारी ने बताया कि मुरादाबाद से रोजाना बुकिंग के लिए फोन आते हैं। कई बार तो लोग फोन करके बोलते हैं कि 15 सीटें बुक करनी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ हमारा सेटअप भी तैयार है। उम्मीद है एचपीसीएल कंपनी को सप्ताह के अंदर फ्यूल स्टेशन बनाने की अनुमति मिल जाएगी। फ्यूल स्टेशन बनते ही हम मुरादाबाद से उड़ान शुरू कर देंगे। - राजीव कुमार, फ्लाई बिग प्रबंधक