अमरोहा: आखिरी दौर में माया होंगी मतदाताओं के मुखातिब, राहुल-अखिलेश भी बांधेंगे चुनावी समां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मतदाताओं को साधने के लिए राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। स्टार प्रचारकों के आने का सिलसिला शुरू होने वाला है। वह लोग प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। कांग्रेसियों ने फिल्मी सितारों की मांग की है। जिले में पांच अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी आएंगे। उनके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आ सकते हैं। सबसे अंत में सीएम योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और बसपा मुखिया मायावती के आने की संभावना है। फिलहाल कद्दावर नेताओं के आगमन की तारीख को लेकर माथापच्ची चल रही है।
जिले में लोकसभा चुनाव के लिए 18 अप्रैल को मतदान है। ऐसे में 16 अप्रैल की शाम को प्रचार प्रसार बंद हो जाएगा। फिलहाल मतदान के लिए काउंट डाउन शुरू हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी पांच मार्च को जिले के झनकपुरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन के बाद दूसरे दलों के स्टार प्रचारक आएंगे। प्रदेश में सपा, बसपा और रालोद गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट बसपा के कोटे में है। गठबंधन प्रत्याशी कुंवर दानिश अली के पक्ष में प्रचार प्रसार के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आने का संकेत दिया है। उन्होंने 10 अप्रैल के आसपास तारीख तय करने को कहा है। ऐसा माना जा रहा है कि बसपा सुप्रीमो मायावती के पहले वह आ सकते हैं। इसके लिए जोया के आसपास बड़े ग्राउंड की तलाश शुरू हो गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दरअसल उनके कार्यक्रम में भीड़ उमड़ने की संभावना है। वहीं, रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह 12 अप्रैल को जिले में आएंगे। प्रत्याशी कुंवर दानिश अली और जिलाध्यक्ष रामअवतार ने बताया कि 15 अप्रैल को सुप्रीमो मायावती का कार्यक्रम तय हो चुका है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी सचिन चौधरी के पक्ष में गुलाम नबी आजाद, दीपेंद्र हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, नगमा, फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के अलावा प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का कार्यक्रम तय करने की मांग की गई है। इसमें राहुल गांधी के लिए 10 और 11 अप्रैल, जबकि प्रियंका गांधी के लिए 13, 14 और 15 अप्रैल में तारीख तय करने की अपील की गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए जिला मुख्यालय अथवा आसपास के गांव में जनसभा होगी। वहीं भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के पक्ष में चुनावी जनसभा के लिए 11 और 12 अप्रैल को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा आ सकते हैं। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ 15 अप्रैल के आस पास आने की उम्मीद है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गोला ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं से प्रोग्राम मांगा गया है। जल्द ही उनके कार्यक्रम की अनुमति मिल सकती है।