Moradabad: सीएल गुप्ता ग्रुप के संस्थानों में आयकर का सर्वे पूरा, 60 घंटे चली जांच, 12 स्थानों पर हुई कार्रवाई
मुरादाबाद के निर्यातक ग्रुप सीएल गुप्ता संस्थानों में आयकर विभाग की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। साठ घंटे तक चली कार्रवाई के बाद सभी टीमें वापस लौट गई। सर्वे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
विस्तार
दिल्ली आयकर विभाग की टीम ने मुरादाबाद के निर्यातक सीएल गुप्ता ग्रुप के संस्थानों में सर्वे का काम पूरा कर लिया। आयकर टीम की सर्वे की कार्रवाई करीब साठ घंटे चली। शुक्रवार शाम पांच बजे सभी टीमें दिल्ली लौट गईं।
मंगलवार की सुबह पांच बजे दिल्ली आयकर की टीमें सीएल गुप्ता ग्रुप की फैक्टरी, नेत्र संस्थान, आवास समेत 12 स्थानों पर जांच करने पहुंची थी। टीम ने शुक्रवार शाम पांच बजे तक जांच पड़ताल की। हर जगह सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे।
बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रही। इस बीच आयकर विभाग को अतिरिक्त टीमें भी बुलानी पड़ी थी। दिल्ली आयकर टीम ने आखिरी दिन भी मुरादाबाद आयकर विभाग की अधिकारियों से कोई संपर्क नहीं किया।
वहीं स्थानीय स्तर पर दिल्ली आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोई जानकारी नहीं दी। 12 स्थानों पर कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम शुक्रवार शाम पांच बजे दिल्ली लौट गई।
टीम ने नेत्र संस्थान के कार्यों की सराहना की : गरिमा सिंह
सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान की प्रशासनिक अधिकारी गरिमा सिंह ने बताया कि नेत्र संस्थान में तीन दिन चला आयकर विभाग का सर्वे शुक्रवार को पूरा हो गया। यह सर्वे पूरी तरह से सफल रहा। आयकर टीम के सदस्यों द्वारा संस्था के इनकम टैक्स दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
जांच में टीम द्वारा संतुष्टि प्रदर्शित की गई। टीम के सदस्यों ने संस्थान के कार्यों की सराहना की और कहा कि संपूर्ण जांच के खत्म होने पर कुछ समय के बाद रिपोर्ट दी जाएगी। इस सर्वे के दौरान भी संस्थान का चिकित्सा कार्य सुचारू रूप से संचालित रहा। संस्थान में मरीजों की ओपीडी और सर्जरी नियमित रूप चलती रही।