मुरादाबाद। गलशहीद थाने में भाकियू नेता रणधीर उर्फ बब्लू समेत आठ लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने ये कार्रवाई भाकियू महिला मोर्चा की पूर्व पदाधिकारी की तहरीर पर की है। आरोपियों में भाजपा नेता का भाई और पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी शामिल हैं।
पीड़ित महिला गलशहीद क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहती है। उसने बताया कि वह पिछले पांच साल से भारतीय किसान यूनियन में सक्रिय है। महिला ने बताया कि दो साल पहले सिविल लाइंस के काजीपुरा निवासी भाकियू नेता रणधीर उर्फ बबलू उसकी मुलाकात हो गई थी। महिला का पति कहीं चला गया था। तब रणधीर ने उसकी मदद करने के बहाने घर में आना-जाना शुरू कर दिया। एक दिन आरोपी रणधीर उर्फ बबलू नशे की हालत में घर आ गया। पीड़ित को डरा धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। महिला ने इस मामले की शिकायत पुलिस से करनी चाही तो आरोपी ने शादी करने का झांसा दे दिया। 17 अगस्त 2022 को आरोपी रणधीर मूंढापांडे के दौलारी गांव निवासी अपने दोस्त एवं भाजपा नेता के भाई जयवीर, मनकरा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य लल्ला उर्फ बिजेंद्र, मूंढापांडे निवासी श्याम, माखन, उमेश, नरेश को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर चेहरे पर तेजाब डालने और अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि रणधीर के बेटे प्रतीक ने भी फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी। सीओ कटघर शैलजा मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।