फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   युवती से चेन और महिला से लूट लिया पर्स

युवती से चेन और महिला से लूट लिया पर्स

Mon, 22 Oct 2018 02:00 AM IST
Updated Mon, 22 Oct 2018 02:00 AM IST
विज्ञापन
युवती से चेन और महिला से लूट लिया पर्स
मुरादाबाद।
विज्ञापन

पुलिस महकमे को खुली चुनौती देते हुए लुटेरों ने रविवार को फिर से शहर में दो महिलाओं से चेन और पर्स लूट लिया। दुस्साहस की सभी सीमाएं लांघते हुए बेखौफ लुटेरों ने पहली वारदात को व्यस्ततम हनुमान मूर्ति तिराहे पर पुलिस की मौजूदगी में अंजाम दिया। दूसरी घटना भी आधे घंटे के भीतर इसी थाना क्षेत्र में भीड़भरे डबल फाटक इलाके में हुई। शहर में महिलाओं से लूट की पिछले पांच दिन में लगातार यह छठवीं वारदात थी। ऐसा भी नहीं है कि पुलिस बेफिक्र है और घटनाओं से सबक लेकर उसने कोई बंदोबस्त ना किए हों। पुलिस हरकत में तो आई पर लुटेरों को ट्रेस करने के बजाए उसका पूरा जोर सड़कों को रखाने पर रहा। रविवार को मझोला और सिविल लाइंस क्षेत्र में पुलिस ने कई सरप्राइज चेकिंग प्वाइंट बनाए। लेकिन लुटेरों की प्लानिंग पुलिस इंतजामों मात दे गई। सिविल लाइंस और मझोला में पुलिस हरकत में दिखी तो लुटेरों ने कटघर में दो वारदात कर खाकी को सीधी चुनौती दे दी है। लुटेरों को पकड़ने में नाकाम पुलिस वालों को महिलाएं और छोटी बच्चियां तक आइना दिखा रही हैं। 14 साल की उन्नति के बाद अब रविवार को शिक्षिका ने भी खुद से पर्स लूटने वाले को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।

वारदात एक

पुलिस के सामने लूटी चेन, चीखने पर भी मदद नहीं
मुरादाबाद।
इंद्रा कालोनी निवासी प्रिया शर्मा रविवार को दोपहर करीब दो बजे हनुमान मूर्ति तिराहे पर आटो से उतरी थीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले में पड़ी पौने दो तोले की सोने की चेन लूट ली। प्रिया का कहना है कि घटना के समय हर रोज की तरह हनुमान मूर्ति तिराहे पर पुलिस मौजूद थी। लुटेराें ने झपट्टा मारकर चेन लूटी तो प्रिया जोर से चीखीं। उन्होंने चिल्लाकर पुलिस वालों से मदद भी मांगी। ठीक सामने खड़े पुलिस वाले मदद के लिए आगे नहीं आए। इतनी देर में बेखौफ लुटेरे वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग गए। प्रिया की शादी बरेली में हुई है। वह इन दिनों मायके में हैं। घटना के बाद उन्होंने फोन कर अपने घर जानकारी दी। परिजनों के साथ कटघर थाने जाकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लूट की शिकायत की तो पुलिस ने तहरीर देने के लिए कहा। तहरीर देने के आधे घंटे बाद दो पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों के बारे में पता कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया और प्रिया को घर भेज दिया। प्रिया का कहना है कि वह हैरान हैं कि लुटेरों ने पुलिस के सामने ही उनसे चेन लूटी लेकिन चीखने - चिल्लाने पर भी पुलिसकर्मी मदद को नहीं आए।
विज्ञापन



पति ने करवाचौथ पर उपहार में दी थी चेन
मुरादाबाद। प्रिया ने बताया कि पौने दो तोले की सोने की चेन उनके पति कुलदीप ने उनको करवाचौथ पर उपहार में दी थी। चेन से यादें जुड़ी हैं। प्रिया का कहना है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर पुलिस उनकी चेन बरामद करे।
विज्ञापन
विज्ञापन



वारदात दो

डबल फाटक पर लूट लिया शिक्षिका का पर्स
- बहादुर प्रीति ने दौड़कर पकड़ा लुटेरा
मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में डबल फाटक के पास रविवार को भरी दोपहरी लुटेरे ने शिक्षिका से पर्स लूट लिया। शिक्षिका ने हिम्मत दिखाई और दौड़ाकर लुटेरे को दबोच लिया। आसपास के लोगों की मदद से शिक्षिका ने लुटेरे को पुलिस के हवाले कर दिया है।
गोविंद नगर निवासी शिक्षिका प्रीति सिंह रविवार को बाजार से साड़ी खरीदकर घर लौट रही थीं। जब वह डबल फाटक के पास पहुंचीं तभी पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से पर्स छीन लिया। पर्स में दो हजार रुपये, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज रखे थे। अचानक हुए हमले से हतप्रभ प्रीति ने शोर मचा दिया। वह शोर मचाते हुए लुटेरे के पीछे दौड़ीं। करीब 50 मीटर दौड़ाने के बाद उन्होंने लुटेरे को पकड़ लिया। वारदात के समय मौके पर भीड़भाड़ थी। अपना पर्स वापस लेने के बाद प्रीति ने लुटेरे को पब्लिक की मदद से पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि पर्स मिल जाने पर शिक्षिका लूट की शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं थीं। पुलिस ने समझाकर तहरीर ली और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक खुद को नशे का आदी बता रहा है।


दस दिन के भीतर हुई प्रमुख घटनाएं : -
-----------------------------
21 अगस्त: कटघर में डबल फाटक के पास शिक्षिका प्रीति से पर्स लूटा।
21 अगस्त: हनुमान मूर्ति पर इंद्रा कालोनी की प्रिया से चेन लूटी।
20 अगस्त: सिविल लाइंस में कांठ रोड पर पीडब्ल्यूडी जेई अनिल की पत्नी मंजू से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स लूटा।
19 अक्तूबर: सिविल लाइंस में बेटे के साथ दवा लेकर लौटती चंदौसी की आशु खन्ना से पर्स लूटा।
19 अक्तूबर: सिविल लाइंस में एसपी सिटी कार्यालय के सामने पर्स लूटा।
18 अक्तूबर: सिविल लाइंस में कमिश्नर आवास के पास शिक्षिका मीनाक्षी गर्ग को जख्मी कर पर्स लूटा।
17 अक्तूबर: सिविल लाइंस में पीएसी तिराहे पर व्यापारी की पत्नी आशी भारद्वाज का पर्स लूटा।
14 अक्तूबर: मझोला के रामतलैय्या में दरोगा संजय की पत्नी के कुंडल पर झपट्टा मारा।
14 अक्तूबर: मझोला के हनुमान नगर में पीएसी अफसर की पत्नी से पर्स लूटा।
11 अक्ूतबर: मझोला में लोकोशेड पुल पर शिक्षिका राखी शर्मा से बाइकर्स गैंग ने पर्स लूटा।
10 अक्ूतबर: सीओ सिविल लाइंस आफिस के सामने छात्रा स्वाति से बाइकर्स ने मोबाइल लूटा।
15 सितंबर- मझोला में भाजपा नेता गिरीश वर्मा की पत्नी का पर्स लूटने की कोशिश।
19 अगस्त- सिविल लाइंस में सोनकपुर स्टेडियम के पास टाइल्स कारोबारी की पत्नी से गन प्वाइंट पर चेन लूटी।



छात्रों ने पकड़े थे लुटेरे, पुलिस ने भेजे जेल
मुरादाबाद।
दो दिन पहले एसपी सिटी कार्यालय के सामने मोबाइल लूट के बाद छात्रों द्वारा दौड़ाकर पकड़े गए दो युवकों को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है दोनों में से एक बीएससी का छात्र है, दूसरा आटो चलाता है। दोनों दोस्त हैं और कांशीराम नगर में रहते हैं। बकौल पुलिस नशे की लत की वजह से दोनों मिलकर, मोबाइल, पर्स और चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनसे आठ मोबाइल बरामद किए हैं। सिविल लाइन इंस्पेक्टर सुधीर पाल धामा ने बताया कि पकडे़ गए लूट के आरोपी शिवम और अरमान उर्फ हसीन हैं। शिवम बीएससी का छात्र है जबकि अरमान आटो चालक है। दोनों रामलीला देखकर लौट रहे छात्र प्रदीप कुमार से मोबाइल लूटा था। प्रदीप ने साथियों की मदद से दोनों को दौड़कर मौके से ही पकड़ लिया था। एसएचओ ने बताया कि अरमान का भाई भी लूट के आरोप में जेल में बंद है। अरमान पर भी लूट का एक मामला पहले से ही दर्ज है। घटना के समय शिवम बाइक चला रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed