{"_id":"93141790-74e9-11e2-979c-d4ae52bc57c2","slug":"couple-beaten-by-girl-family","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्यार करने की मिली ऐसी सजा ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्यार करने की मिली ऐसी सजा
कांठ (मुरादाबाद)/ब्यूरो
Updated Tue, 12 Feb 2013 01:25 PM IST
विज्ञापन
अभी लोगों के जेहन से छजलैट क्षेत्र के गांव कूरी रवाना के ऑनर कीलिंग का मामला उतरा नहीं कि फिर एक प्रेमी युगल को पेड़ से बांधकर युवती के परिजनों और उनके सहयोगियों ने करीब एक घंटे तक पीटा। परिजनों से माफी और मिन्नत की गुहार पर वहां मौजूद एक ग्रामीण का दिल पसीजा तो उसने चुपके से पुलिस को सूचना दे दी। इस पर आननफानन में पुलिस गांव पहुंची और दोनों को छुड़वाकर अपने साथ ले गई। इससे पहले कि पुलिस कुछ करती मारपीट करने वाले खिसक लिए। दोनों का मेडिकल कराया है।
विज्ञापन
छजलैट के एक गांव की एक युवती रविवार देर शाम से लापता हो गई थी। परिजन उसे चुपचाप रात भर तलाशते रहे तड़के में युवती घर पहुंची तो परिजनों का गुस्सा आसमान पर चढ़ गया। इन्होंने प्रेमी युवक के घर पर धावा बोला और उसे खींच कर ले आए और उसे भी युवती के पास ही दूसरे पेड़ से बांधकर लटका दिया।
विज्ञापन
युवती के परिजनों और उनके 10-12 सहयोगियों ने पेड़ में लटके प्रेमी युगल को पीटना शुरू कर दिया। पत्थर दिल वालों को दोनों की कराहने, चीखपुकार और माफी की गुहार भी नरम नहीं कर पाई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी तमाशबीन बनी रही। किसी ने सूचना देकर पुलिस को बुलाया और प्रेमी युगल को पेड़ से खोला। पुलिस को देख मारपीट करने वाले लोग इधर उधर खिसक गए। पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले आई और दोनों का मेडिकल कराया।
विज्ञापन
युवक की मां और भाई को भी पीटा
गांव के ही लोगों ने बताया कि प्रेमी युगल को पेड़ से बांधकर पीटने वालों पर जैसे जुनून सवार था। युवक की मां रोती रही गिड़गिड़ाई भी बहुत मगर किसी को रहम नहीं आया। उल्टे मां और उसके भाई को पीटा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया यदि पुलिस नहीं आती तो शायद वह दोनों को ही जान से मार देते। गांव के एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए विरोध किया तो उसे भी जलालत का शिकार होना पड़ा।
पता चलता तो करा देते दोनों की शादी
युवक और युवती दोनों ही एक ही बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। पिछले दो साल से दोनों में प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। लेकिन दोनों में से किसी ने भी अपने परिजनों के सामने अपनी बात नहीं रखी। युवक के दादा ने कहा कि यदि उन्हें पहले बता दिया होता तो वह कैसे भी कर दोनों की शादी की बात चलाते और दोनों पक्षों को समझाते। लेकिन युवती पक्ष के लोगों ने यह अच्छा नहीं किया।
कार्रवाई के डर से घरबार छोड़ा
प्रेमी युगल को बांधने के बाद पेड़ में लटकाकर पीटने के मामले में पुलिस ने छह को नामजद किया है। कुछ अज्ञात के खिलाफ एक राय होकर मारने का प्रयास समेत कई धाराओं में युवक के दादा की ओर से मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इस कार्रवाई से मारपीट करने वालों में खलबली मची हुई है। नामजदों ने तो घर छोड़ दिया, वहीं पर अज्ञात पर दर्ज मुकदमे के भय से कई पड़ोसी और तमाशबीन बने लोगों ने भी अपना घर बार छोड़ दिया।
उकसाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
मुकदमा कायम करने के बाद अब पुलिस नामजदों और मुकदमे में लिए गए अज्ञात के अलावा ऐसे लोगों का पता लगाने में जुटी है, जिन्होंने मानवता को शर्मसार करने वालों को ऐसा करने के लिए उकसाया है। दोनों ही परिवार ज्यादा मजबूत स्थिति में नहीं हैं फिर भी दोनों को धार पर रखकर यह काम कराया है। पुलिस का मानना है कि इस मामले को हवा देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।