मुरादाबाद। पेट्रोलियम मूल्य वृद्धि पर मोदी सरकार का विरोध करने वाले कांग्रेसियों को खुद ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों का भाव पता नहीं है। सोमवार को कांग्रेसियों ने जेल रोड से कलक्ट्रेट तक रस्सी बांधकर कार खींचकर पेट्रोलियम मूल्य वृद्धि का विरोध किया। कांग्रेसी नेताओं से जब मुरादाबाद के पेट्रोल-डीजल का भाव पूछा तो एक-दूसरे का मुंह ताकते हुए बोले, हम आपसे पूछना चाहते हैं। कई बार पूछने पर एक नेता ने भाव बताया, लेकिन वह भी गलत।
पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतर रही है। राष्ट्रीय आह्वान पर कांग्रेसी मूल्य वृद्धि पर मोदी सरकार पर दबाव बना रहे हैं। सोमवार को कांग्रेसियों ने जेल रोड से कलक्ट्रेट तक कार, बुलेट और स्कूटी को रस्सियों से बांधकर खींचा। जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर और महानगर अध्यक्ष रिजवान कुरैशी ने कहा कि सरकार आपदा में भी मुनाफाखोरी कर रही है। आरोप लगाया कि मुनाफाखोरी से 18 लाख करोड़ वसूल लिए हैं। कहा कि सरकार ने छह सालों में डीजल और पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 820 और 258 प्रतिशत तक बढ़ाकर जनता को निचोड़ दिया है। रिजवान कुरैशी ने कहा कि यूपीए सरकार में 108 डालर प्रति बैरल कच्चा तेल होने के बाद भी तेल मूल्य इतना नही बढ़ाया था। कार्यकर्ताओं ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा और बढ़े मूल्य वापस लेने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के बीच जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष से पेट्रोल और डीजल का भाव पूछा तो कोई भी नहीं बता पाया। आखिर में महानगर अध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल 72.60 और डीजल 81.30 रुपये लीटर है। जबकि सोमवार को मुरादाबाद में पेट्रोल 81.28 रुपये और डीजल 72.83 रुपये लीटर था। कांग्रेसी अगर दिल्ली का भाव भी बता रहे थे तो वहां पेट्रोल 80.43 रुपये और डीजल 80.53 रुपये लीटर था। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमेशा डीजल सस्ता और पेट्रोल महंगा होता था। लेकिन मोदी सरकार में सब उल्टा-पुल्टा हो रहा। उन्होंने मोदी सरकार से कहा कि खूब लूटो, हरी लाल मिर्च डालकर लूट लो। कारोबार चौपट है और बच्चों की पेन-पैंसिल भी छीन लो। निवाला लूट लो। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से जिले की सभी तहसीलों में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान एपी सिंह, असलम खुर्शीद, डा. राजेश सिंह, राजेशपाल, आनंद मोहन गुप्ता, शकील चौधरी, अनूप दुबे समेत कई कांग्रेस मौजूद रहे।