विधायक के फार्म हाउस में दरिंदगी: मनोना धाम ले जाने का झांसा, हसनपुर कोतवाली के गेट तक युवती को ले गए थे भक्षक
अमरोहा के हसनपुर में उत्तराखंड के विधायक के फार्म हाउस पर हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हसनपुर कोतवाली का दरोगा व अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही और असम में सीआरपीएफ की 156 वीं बटालियन में इंस्पेक्टर और पांचवीं बटालियन दिल्ली के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
महिला सुरक्षा के चौतरफा प्रयासों में जिस वर्दी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है उसे पहनने वाले ही नारी सम्मान के भक्षक बन गए। पुलिस और सीआरपीएफ में जिम्मेदारी भरे ओहदे संभालने वाले चार सरकारी मुलाजिमों ने न सिर्फ एक युवती की इज्जत तार-तार की बल्कि दुस्साहस इतना कि वारदात को अंजाम देने से पहले उसे लेकर यूपी के अमरोहा जिले की हसनपुर कोतवाली के गेट तक पहुंच गए।
वर्दीधारियों के बहशीपन की शिकार युवती ने जब आपबीती बताई तो सुनने वाले पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। युवती ने पुलिस को बताया कि सोनीपत से सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल मोहित उसे मनौना धाम ले जाने का झांसा देकर कार में साथ लाया था।
मेरठ से कार में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम भी सवार हो गया। इसके बाद वे कार लेकर हसनपुर कोतवाली पहुंचे, जहां गेट पर मौजूद कोतवाली में तैनात दरोगा संजय तोमर भी कार में बैठ गया।
युवती की इस जानकारी ने पुलिस अफसरों को भी चौंका दिया कि दुष्कर्म जैसी वारदात की साजिश रचने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बल के कर्मचारी थाने तक पहुंचने में नहीं झिझके।
यही नहीं इस बात ने भी हर किसी को हैरान किया है कि आरोपी दरोगा संजय तोमर का अगले साल ही रिटायरमेंट है। सेवानिवृत्ति से सालभर पहले खुद पर ऐसा दाग लगा बैठे जो आसानी से नहीं धुलेगा।
एसपी लखन सिंह यादव ने कहा कि महिला अपराध के मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। इसीलिए हसनपुर प्रकरण में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने और जेल भेजने की तैयारी है।
आरोपी दरोगा और हेड कांस्टेबल के खिलाफ निलंबन के साथ विभागीय जांच व अन्य कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीआरपीएफ के दोनों कर्मचारियों के मामले में भी संबंधित अधिकारियों (सीआरपीएफ मुख्यालय) को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
पुलिस बोली, पूर्व परिचित हैं सभी
एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में पीड़िता और आरोपी मोहित और लालाराम के पूर्व से एक-दूसरे के परिचित होने की बात सामने आई है। पीड़िता की मुलाकात सीआरपीएफ दिल्ली में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से सोनीपत में हुई थी।
मंगलवार को पीड़िता, मोहित और असम में तैनात सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम के साथ हसनपुर पहुंची थी। यहां मोहित ने हसनपुर थाने में तैनात दरोगा संजय तोमर से मुलाकात की, जिसके बाद सभी झूलपुरी स्थित फार्महाउस पहुंचे और दो कमरे किराये पर लिए।
बाद में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही प्रमोद भी खाना लेकर वहां पहुंचा। एसपी ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों और पीड़िता के आरोपों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
मनोना धाम ले जाने का झांसा देकर युवती को सोनीपत से लाया था आरोपी मोहित
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सीआरपीएफ जवान मोहित पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ लाया था। उसने पीड़िता को सोनीपत में मिलने के बाद प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनोना धाम घुमाने का झांसा दिया था।
पीड़िता उसकी कार में सवार हो गई लेकिन आरोपी उसे मनोना धाम ले जाने के बजाय सीधे मेरठ होते हुए अमरोहा के हसनपुर ले आया और फार्म हाउस में ठहराकर वारदात को अंजाम दिया।
एसपी बोले, आरोप सिद्ध होने पर बर्खास्त होंगे दोनों पुलिसकर्मी
अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव ने कहा है कि आरोपी भले पुलिस और अर्ध सैनिक बल के जवान हैं लेकिन मामले की जांच से लेकर जरूरी कार्रवाई तक पूरी सख्ती बरती जाएगी। हसनपुर कोतवाली के दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर नियमानुसार बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाएगी
दरोगा, सिपाही और सीआरपीएफ जवानों ने की सामूहिक दरिंदगी
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में झूलपुरी स्थित खानपुर (उत्तराखंड) के विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसनपुर कोतवाली का दरोगा व अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही और असम में सीआरपीएफ की 156 वीं बटालियन में इंस्पेक्टर और पांचवीं बटालियन दिल्ली के हेड कांस्टेबल आरोप के घेरे में हैं।
पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया है। हसनपुर कोतवाली में सभी से पूछताछ की जा रही है। युवती फिलहाल अमरोहा में वन स्टॉप सेंटर पर है। आरोपियों में शामिल दो मुजफ्फरनगर जिले के हैं, जबकि एक बागपत और एक अन्य अलवर (राजस्थान) का रहने वाला है।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित युवती हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली है और वहीं की किसी प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। युवती ने पुलिस को बताया कि एक महिला मित्र ने उसकी मुलाकात सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल मोहित से कराई थी मोहित मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सौरम का रहने वाला है।
सोमवार (21 सितंबर) को वह सोनीपत में मोहित से मिली। उसने घूमने चलने का प्रस्ताव रखा तो वह उसकी कार में सवार हो गई। सोनीपत से मोहित उसे कार से मेरठ ले गया, जहां उसने अपने साथी अलवर (राजस्थान) के थाना क्षेत्र के गांव हातनखेड़ा निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव को भी गाड़ी में बैठा लिया।
सोमवार रात ये तीनों मेरठ में एक स्थान पर रुके। इसके बाद मंगलवार की शाम तीनों कार से हसनपुर कोतवाली पहुंचे, जहां गेट पर सादे कपड़ों में पहले से मौजूद बागपत के थाना रमाला के गांव सूप निवासी दरोगा संजय तोमर भी उनकी गाड़ी में सवार हो गया।