UP: मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 98 किलो गांजा पकड़ा...कीमत 45 लाख, दिल्ली और बंगाल के चार तस्कर गिरफ्तार
जीआरपी मुरादाबाद ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में दिल्ली के तीन युवक और पश्चिम बंगाल की एक युवती शामिल है। आरोपियों ने बताया कि वह गांजा सस्ते दामों पर लाकर मुरादाबाद में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जीआरपी मुरादाबाद ने रेलवे स्टेशन से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 98 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी बाजार में कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी दिल्ली और पश्चिम बंगाल से गांजा लाकर मुरादाबाद में महंगे दामों पर बेचते थे।
चेकिंग के दाैरान हुए गिरफ्तार
25 जुलाई की रात जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके बैगों में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जीआरपी थाने लाया गया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
गांजा तस्करी करने वाले आरोपी दिल्ली के
गिरफ्तार आरोपियों में तीन युवक अजय कुमार (23), सोनू कुमार (22) और कपिल चंद (22) दिल्ली के किशनगढ़ बस्ती कुंज के रहने वाले हैं। चौथी आरोपी पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के नवाकगांव निवासी आधूरी राय (20) है। चारों गांजा लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और सप्लाई की तैयारी में थे।
बैगों में भरा था गांजा
अजय कुमार के दो बैगों से 18.600 किलो और 17.600 किलो गांजा बरामद हुआ। सोनू कुमार के बैग से 21 किलो गांजा मिला। कपिल चंद के पास से 20.900 किलो गांजा, एक मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद हुए। आधूरी राय के बैग से 20.800 किलो गांजा और एक मोबाइल फोन मिला। कुल मिलाकर चारों के पास से 98 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दूसरे राज्यों से गांजा लाकर मुरादाबाद में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इससे उन्हें अच्छा लाभ होता है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया।
सभी को भेजा जेल
चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी संबंधित थानों से जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नशे की तस्करी पर बड़ा अंकुश लगेगा।