UP Bypolls 2023: छानबे उपचुनाव के लिए एक ही पार्टी से सास-बहू समेत सात ने किया नामांकन
छानबे विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में गुरुवार को सास-बहू समेत सात लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कुल 15 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। इसमें सपा की कीर्ति कोल व कांग्रेस के अजय कुमार ने दो बार नामांकन किया है।
विस्तार
मिर्जापुर के छानबे विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में गुरुवार को नामांकन का आखिरी दिन था। अपना दल एस की रिंकी कोल ने नामांकन किया। उन्होंने दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके अलावा अपना दल एस से ही रिंकी कोल की सास (सांसद पकौड़ी कोल की पत्नी) ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है।
इनके अलावा पांच निर्दल प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया। इस तरह से आखिरी दिन तक कुल 15 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। इसमें सपा की कीर्ति कोल व कांग्रेस के अजय कुमार ने दो बार नामांकन किया है। अंतिम दिन नामांकन करने वालों में निर्दल उमेश, अपना दल सोनेलाल से रिंकी कोल, इसी पार्टी से पन्ना देवी, निर्दल अर्जुन, राजनारायण, दुखीराम व कल्लू ने नामांकन किया। छानबे विधानसभा क्षेत्र की सीट सुरक्षित है। इस सीट पर अपना दल एस के राहुल प्रकाश कोल विधायक थे। उनके निधन से यह सीट रिक्त हुई थी।
इस सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में 13 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई थी और गुरुवार को नामांकन का अंतिम दिन था। पहला नामांकन बीते शनिवार को सपा की कीर्ति कोल ने किया था। सोमवार को कोई नामांकन नहीं हुआ था। मंगलवार को कांग्रेस के अजय कुमार, निर्दलीय सर्वेश कुमार व भीमराव ने नामांकन किया था। बुधवार को राष्ट्रीय समाज पक्ष के शिवपूजन, कांग्रेस के अजय कुमार, सपा की कीर्ति व भारतीय मानव समाज पार्टी के जितेंद्र कुमार ने नामांकन किया था।
24 अप्रैल तक नाम वापसी
अब 21 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 24 अप्रैल तक नाम वापसी तथा इसके लिए 10 मई को मतदान होगा। मतगणना 13 मई को होगी। इस चुनाव में 363611 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उधर, जिला प्रशासन ने उप चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।
इस विधानसभा सीट में 444 बूथ बनाए गए हैं। इनमें क्रिटिकल बूथों की संख्या 57 और वल्नेरेबल बूथों की संख्या 13 है। चार बूथ वाले केंद्र चार हैं। मतदान के दौरान मतदान कार्मिकों के लिए 44 छोटी बसें और 83 बड़ी बसों का प्रयोग किया जाएगा। इस सीट पर दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2852 है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चार जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
अंतिम समय में लिया गया नामांकन पत्र
अपना दल सोनेलाल से पन्ना देेवी के नाम से आखिरी दिन बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र लिया गया। बाद में पन्ना देवी के इसी पार्टी से नामांकन करने से चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इनके अलावा अपना दल सोनेलाल से रिंकी कोल ने भी नामांकन किया है। दोनों के बीच सास व बहू का रिश्ता है। अब देखना यह है कि पार्टी वास्तव में अपना चुनाव चिन्ह किसको देती है। जिसको चुनाव चिह्न पार्टी देगी, वही पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी होगा।
अतीक के सवाल पर कतराए मंत्री
रिंकी कोल के नामांकन में पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी अतीक अहमद से संंबंधित सवाल पर जवाब देने से कतराते नजर आए। उनसे पूछा गया कि अतीक हत्याकांड पर उनका क्या कहना है तो उन्होंने जवाब दिया कि अभी चुनाव की बात हो रही है। चुनाव की बात कीजिए। उन्होंने रिंकी कोल की जीत का दावा किया।