मिर्जापुर। मिर्जापुर सेवा समिति के सदस्यों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम व हिंदुओं के पवित्र ग्रंथ श्रीरामचरित मानस पर विवादित टिप्पणी करने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या का सोमवार को कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर प्रतीकात्मक पुतला फूंका। संयोजक दिलीप सिंह गहरवार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने श्रीरामचरित मानस पर अभद्र टिप्पणी करने वाले व ग्रंथ की प्रतियों जलाने वालों पर रासुका के तहत मुकदमा दर्ज करके कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए डीएम एसपी को ज्ञापन दिया। दिलीप सिंह गहरवार ने कहा कि भारत की पवित्र को भूमि पर भगवान श्रीराम व पवित्र ग्रंथ श्रीराम चरितमानस पर प्रश्नचिह्न लगानेवाले हिंदू विरोधी नहीं देशद्रोही है। भगवान श्रीराम पर टिप्पणी करने वाले व पवित्र ग्रंथ श्रीराम चरितमानस को बकवास ग्रंथ बताने वाले पहले अपना मानसिक संतुलन की जांच कराए। भगवान श्रीराम व रामचरित मानस से करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं जुड़ी हैं। हिंदू समाज पर इस तरीके से हो रहे टिप्पणी का पूरा हिंदू जनमानस व मिर्जापुर सेवा समिति विरोध करती रहेगी। राजकुमार उपाध्याय ने कहा कि भगवान श्रीराम व श्रीरामचरित मानस पर विवादित टिप्पणी करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए। प्रदर्शन करने वालों में जटाशंकर सिंह, संदीप सिंह, रामराज जायसवाल, जय प्रकाश सेठ, संजय गुप्ता, राहुल मालवीय, जगदीश मिश्रा, मंगल सिंह, प्रदीप सिंह, विनय पांडेय आदि रहे। अभद्र टिप्पणी करने वालों पर हो कार्रवाई : महाकाव्य रामचरित मानस के प्रति अमर्यादित टिप्पणी व ब्राह्मणों के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण कल्याण संस्थान के कार्यकर्ताओं सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण चंद पांडेय ने कहा कि हिंदू समाज का पवित्र ग्रंथ जो गोस्वामी तुलसीदास द्वारा 15वीं शताब्दी में भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को रेखांकित करते हुए तत्कालीन काल खंड के अनुसार लिखा गया था। जिसको हर हिंदू एवं पूरा समाज श्रवण करता है। आज कुछ तथाकथित राजनैतिक लोग अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए अशोभनीय टिप्पणी करके अपमानित करने का कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजमणि दूबे ने कहा कि अखिल भारतीय ब्राह्मण कल्याण संस्थान ब्राह्मण समाज का अपमान कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा। किसी भी व्यक्ति द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी पर संस्थान चुप नहीं बैठेगा। प्रदर्शन करने वालों में हीरालाल पांडेय, शिवनारायण तिवारी, जयप्रकाश पांडेय, नागेंद्र नाथ दूबे, आशीष दूबे, प्रदीप कुमार पांडेय, प्रेमसागर दूबे, विवेक त्रिपाठी, सच्चिदानंद पांडेय, अनिल कुमार पांडेय, छोटेलाल तिवारी आदि रहे।