मिर्जापुर: कार्तिक पूर्णिमा पर विंध्यधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां के दर्शन को लगी कतार
कार्तिक पूर्णिमा पर विंध्यधाम में मां विंध्यवासिनी, मां महाकाली और मां अष्टभुजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने गंगा स्नान के बाद देवी दरबार में पूजा-अर्चना की।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को विंध्यधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर स्नान किया और इसके बाद मां के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन पाकर भक्त निहाल हो उठे। मंदिर परिसर दिनभर मां के जयकारों से गूंजता रहा।
मंगला आरती के बाद शुरू हुआ दर्शन-पूजन
भोर में मंगला आरती और श्रृंगार पूजन के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में नर-नारी और बच्चे देवी दरबार पहुंचे। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। घंटा-घड़ियाल, शंख और नगाड़ों की धुन के बीच मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
मंदिर में गुड़हल, कमल और गुलाब के फूलों से मां का भव्य श्रृंगार किया गया था। देवी के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर की छत पर आसन बिछाकर बैठे साधकों का पूजन-अनुष्ठान भी पूर्णिमा पर जारी रहा।
काली खोह में भी उमड़े श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा पर काली खोह पहाड़ पर विराजमान मां महाकाली के दरबार में भी भक्तों की भारी भीड़ रही। तरह-तरह के फूलों से मां का भव्य श्रृंगार किया गया। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में रक्षा बांधकर मन्नतें मांगी। इसके बाद पहाड़ पर बंदरों को चना और गुड़ खिलाया।
सुबह से देर रात तक मंदिर में दर्शनार्थियों का आना-जाना लगा रहा। मां के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
अष्टभुजा देवी के दर्शन को लगी कतार
अष्टभुजा पहाड़ पर स्थित मां अष्टभुजी देवी मंदिर में भी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद भक्त कोई रोपवे से तो कोई सीढ़ियां चढ़कर अष्टभुजा पहाड़ पहुंचा। हाथों में नारियल, चुनरी, माला और प्रसाद लिए श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए मंदिर की ओर बढ़ते रहे। मां के भव्य स्वरूप का दर्शन कर भक्त अभिभूत हो उठे।
त्रिकोण परिक्रमा पथ पर भी रही चहल-पहल
विंध्यधाम के त्रिकोण परिक्रमा पथ पर विराजमान मां महाकाली और मां अष्टभुजी के दरबार में भी सुबह से शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। अष्टभुजा पहाड़ पर दूर-दराज से आए संत-महात्मा और साधक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अनुष्ठान में तल्लीन रहे।
घाटों से बाजार तक रही रौनक
विंध्याचल के गंगा घाटों पर भी स्नान-ध्यान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। दर्शन-पूजन के बाद भक्त परिवार के साथ विंध्याचल की गलियों में घूमे और दुकानों से पूजा सामग्री सहित अन्य जरूरत की वस्तुओं की खरीदारी की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से इंतजाम किए गए थे। देवी मंदिरों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
