जिगना। जिगना थाना क्षेत्र के जरैला गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार की सुबह एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। हत्या के दौरान उक्त आरोपी निगरानी कर रहा था। रविवार को पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
रविवार को पुलिस ने हत्या में नामजद त्रिवेणी प्रसाद व जवाहर को गिरफ्तार किया था। सोमवार की सुबह जरैला गांव के पास से ही विजय उर्फ कल्लू बिंद पुत्र रामधनी उर्फ साधू को गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि विजय बिंद हत्या के समय निगरानी कर रहा था और हत्या की योजना में शामिल था। बीते बृहस्पतिवार की रात जरैला गांव निवासी सुकरु प्रसाद बिंद (32) पुत्र स्व विश्वनाथ की हत्या जमीन और पेड़ संबंधी पुरानी रंजिश में काशीसरपत्ती गांव के एक ईंट भट्ठा के पास कर दी गई थी। मृतक के भाई अरुण कुमार ने त्रिवेणी, जवाहर, संजय व मनीष चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्यारोपियों में से पुलिस ने रविवार को जरैला गांव के पास से त्रिवेणी प्रसाद व जवाहर पुत्रगण जयमंगल बिंद को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ व जांच पड़ताल में विजय बिंद की हत्या में संलिप्तता पाए जाने पर सोमवार को सुबह उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शेष हत्यारोपियों की तलाश जारी है।