कच्ची दीवार गिरने से बालिका समेत दो की मौत, चार घायल
क्षेत्र के पटेहरा गांव के अनवर अली की बेटियां सोनी बेगम उर्फ रुबिया निवासी खजुरी थाना कोरांव प्रयागराज और बिंदा बेगम निवासी लेहड़ी थाना मेजा प्रयागराज मायके में बकरीद मनाने आईं थी। सोमवार की रात को सभी भोजन कर सो गए।
सोनी और बिंदा अपने पति और बच्चों के साथ पक्के मकान के पास स्थित मिट्टी के दीवार से बने खपरैल के नीचे सो रहीं थी। सोमवार की देर रात डेढ़ बजे तेज बारिश होने लगी। बारिश के चलते मिट्टी की दीवार धसक कर गिर गई।
मलबे में दबकर 26 वर्षीय सोनी बेगम उसका पति 27 वर्षीय असलम, 24 वर्षीय बिंदा बेगम उसका पति 26 वर्षीय फिरोज, छह वर्षीय पुत्री नुसरत और दो माह की पुत्री दब गईं। चीख पुकार सुनकर परिजनों की नींद खुली। लोगों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया तो असलम और नुसरत की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर सोनी और बिंदा के सुसराल से भी लोग आ गए। सभी घायलों को उपचार के लिए प्रयागराज ले गए। साथ ही शव को भी ले गए। दोपहर में असलम के परिजन शव लेकर वापस जिगना आए। अनवर अली की तहरीर पर जिगना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।