Meerut: ननिहाल में नलकूप पर नहाते वक्त करंट लगने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
सरधना के मोहल्ला गोमतीनगर निवासी आदिल की ननिहाल गांव पोहल्ली में नलकूप पर नहाते वक्त करंट लगने से मौत हो गई। मेरठ के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
विस्तार
मेरठ से सटे सरधना कस्बे के मोहल्ला गोमतीनगर निवासी युवक की नलकूप पर नहाते समय करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना उसके ननिहाल गांव पोहल्ली में उस समय हुई, जब वह दोस्तों के साथ नहाने गया था। परिजन उसे आनन-फानन में मेरठ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक आदिल पुत्र मोबीन मजदूरी करता था और सोमवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ ननिहाल गया था। दोपहर की तेज गर्मी से राहत पाने के लिए वे गांव के नलकूप पर नहाने पहुंचे। नहाने के दौरान जब आदिल(22) अकेला नलकूप के पास पहुंचा तो करंट की चपेट में आ गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: गारमेंट्स शॉप पर थैले चोरी करते दरोगा का वीडियो वायरल, एसएसपी ने किया लाइनहाजिर
शुरुआत में किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब आदिल की ओर से कोई आवाज नहीं आई तो साथियों ने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली का कनेक्शन काटकर आदिल को बाहर निकाला। गंभीर स्थिति में उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बताया गया कि आदिल चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। परिजन आदिल की असामयिक मौत से सदमे में हैं और मोहल्ले में शोक की लहर है।