पश्चिमी यूपी में बदला मौसम: धूप-बादलों की आंख-मिचौली से बढ़ी उमस; रात में गिर रहा पारा, हल्की बारिश के आसार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन के समय धूप और बादलों की आवाजाही जारी है और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। रात में नमी बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट से सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए हैं, जबकि प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। दिन में कभी आसमान पर बादल छा रहे हैं तो कभी हल्की धूप निकल रही है। मौसम में बदलाव के बावजूद दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। वहीं रात में नमी बढ़ने के साथ पारा लगातार नीचे जा रहा है।
धूप और बादलों की आवाजाही से मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। आसमान पर बादलों की आवाजाही के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। यदि बारिश होती है तो दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: बागपत: परचून की दुकान में भीषण आग, दो सिलिंडर फटे; पांच साल की मासूम व महिला की मौत, कई अंदर फंसे
रात में बढ़ रही नमी, सुबह-शाम महसूस होने लगी ठंडक
दिन के मुकाबले रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। रात में नमी बढ़ने के कारण सुबह और देर शाम मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम में यह बदलाव आने वाले दिनों में रात के तापमान को और नीचे ला सकता है।
बारिश कम होने से बढ़ने लगा प्रदूषण
बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। दिन में धूप और हवा की गति कम रहने से प्रदूषक तत्व वातावरण में बने हुए हैं। मौसम में हल्की बारिश होने पर प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद है।