युवती से दरिंदगी के आरोपी को क्लीनचिट, पीड़ित परिवार में आक्रोश, दी आंदोलन की चेतावनी
पुलिस के अनुसार मवाना थाना क्षेत्र की युवती को उसके ही संबंधी लाखन निवासी परतापुर ने तीन अक्तूबर को अगवा किया था। दोस्त के साथ मिलकर युवती से दुष्कर्म कर उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं थी। उसके बाद खुद उन्होंने आरोपी लाखन को पकड़कर पुलिस को सौंपा। जिसके बाद युवती का शव भी बरामद किया। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता की थी, जिसमें आरोपी लाखन ने बताया था कि वारदात में उसका एक दोस्त भी शामिल था।
पुलिस ने आरोपी लाखन की निशानदेही पर दूसरे आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि दूसरे आरोपी से पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी ने खुद को बेकसूर बताया और वारदात के दौरान दूसरी जगह पर होने की बात बताई। जिस पर पुलिस ने यकीन कर लिया। पुलिस ने आरोपी को क्लीनचिट देकर छोड़ दिया गया। इसकी जानकारी पीड़ित परिवार को लगी तो वह शनिवार दोपहर एसपी सिटी ऑफिस पहुंचे। आरोप लगाया कि पुलिस दूसरे आरोपियों को बचाने में लगी है।
झूठ बोलता रहा आरोपी
पीड़िता के भाई का आरोप है कि उसकी बहन की पांच लोगों ने हत्या की। पुलिस ने मुख्य आरोपी से सख्ती से पूछताछ नहीं की। तीन अक्तूबर को मुख्य आरोपी लाखन को भी पुलिस ने बेकसूर बताकर छोड़ दिया था। कहा था कि उससे काफी पूछताछ कर ली है। उसे युवती की कोई जानकारी नहीं। जबकि सब झूठ निकला। पीड़ित पक्ष का सवाल है कि पुलिस ने कैसे यकीन कर लिया कि लाखन अकेला ही वारदात में शामिल था।
इंसाफ के लिए आंदोलन करेंगे
पीड़ित पक्ष का कहना है कि वह बिटिया को इंसाफ दिलाने के लिए आंदोलन करेंगे। पांच लोगों ने मिलकर हत्या की है। लेकिन पुलिस सिर्फ एक आरोपी को मुल्जिम बता रही है। दूसरे आरोपी का नाम लाखन ने पुलिस के सामने बताया। उसको भी पुलिस ने छोड़ दिया। वह अपने समाज के गण्यमान्य लोगों से बात कर रहे हैं। सोमवार को आंदोलन के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
अकेले ने की वारदात
एएसपी कैंट सतपाल सिंह का कहना है कि प्रेसवार्ता में आरोपी लाखन ने दूसरे युवक का नाम बताया। जिस पर दूसरे युवक को उठाया गया। सख्ती से पूछताछ की गई। दूसरे युवक के खिलाफ कोई ऐसा सुबूत नहीं मिला कि वह आरोपी सिद्ध हो। बाद में आरोपी लाखन से पूछताछ हुई, जिसमें उसने बताया है कि दूसरे युवक से उसकी रंजिश चल रही है। इसलिए वारदात में उसका नाम बताया था। पुलिस का दावा है कि वारदात में वह अकेला शामिल था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/