मेरठ में वेटरंस रैली: पूर्वसैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों को योजनाओं से जोड़ा, किया गया जागरुक
मेरठ के अब्दुल हमीद सैनिक इंस्टीट्यूट में आयोजित वेटरंस रैली में पूर्वसैनिक, वीर नारी और उनके आश्रितों को पेंशन, रोजगार और अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
विस्तार
मुख्यालय पश्चिम यूपी सब एरिया मेरठ की ओर से शनिवार को पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए विशेष वेटरंस रैली आयोजित की गई। यह आयोजन अब्दुल हमीद सैनिक इंस्टीट्यूट मेरठ कैंट में हुआ। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर और शामली जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी पहुंचे।
रैली का उद्देश्य पूर्वसैनिकों और उनके परिवारों को सरकार और सेना की योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा।कर्नल वेटरंस ए.एस. अंतल ने बताया कि सेना हमेशा अपने पूर्वसैनिकों और वीर नारियों के साथ खड़ी है। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया और मौके पर ही मदद भी दी गई।
सेना अभिलेख कार्यालयों के प्रतिनिधियों से प्रतिभागियों को सीधी चर्चा का अवसर मिला, ताकि पेंशन या अन्य प्रशासनिक समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा सके। विशेष रूप से स्पर्श पेंशन पोर्टल के महत्व को समझाया गया और पोर्टल पर पंजीकरण करने की प्रक्रिया बताई गई। मोबाइल एप के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करने की विधि भी सिखाई गई, जिससे भविष्य में परेशानियों से राहत मिलेगी।
इसके साथ ही, रैली में रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी गई और सेवानिवृत्ति के बाद जीवनयापन के लिए सेना एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों को कैंटीन, चिकित्सा सुविधा और लैब जैसी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने रैली को बेहद उपयोगी बताया और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।