यूपी: दोस्त को बचाने के चक्कर में खुद भी डूबे 2 छात्र, परिजनों में मचा कोहराम
यहां नहर में नहाते समय एक छात्र डूब गया। उसके दो दोस्त उसे बचाने लगे तो वे भी नहर में डूब गए। उधर, सूचना मिलते ही तीनों के परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना यूपी के सहारनपुर जनपद की है। मिर्जापुर पोल स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी के बीएससी रेडियोलॉजी टेक्नोलॉजी के तीन छात्र यूनिवर्सिटी से वापस लौटते समय गंदेवड़ में पूर्वी यमुना नहर में नहाने के दौरान गहरे कुंड में डूब गए। दरअसल एक छात्र नहाते समय डूबा तो उसके दो साथी उसे बचाने के चक्कर में मौत के मुंह में चले गए। हथनीकुंड बैराज से नहर का पानी बंद कराने के बाद पहले स्थानीय और उसके बाद सरकड़ी गांव से बुलाए गए गोताखोरों द्वारा छात्रों की तलाश कराई गई, लेकिन देर रात तक उनका पता नहीं चल सका था।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के सुनहैटी गांव निवासी सलमान अहमद (22) पुत्र शब्बीर, आजाद (21) पुत्र ताहिर और ग्राम इस्माइलपुर सरसावा निवासी अब्दुल कादिर (21) पुत्र हाशिम मिर्जापुर पोल स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में बीएससी रेडियोलॉजी टेक्नोलॉजी के छात्र थे। मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे तीनों छात्र यूनिवर्सिटी से लौटते समय गंदेवड़ में पूर्वी यमुना नहर में नहाने के लिए रुक गए और किनारे पर बाइक खड़ी कर उस पर स्कूल बैग एवं कपडे़ उतारकर रख दिए।
पढ़ें : मौत की 'सेल्फी' से परिवार में मचा कोहराम, दोस्तों के साथ गया था घूमने
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इनमें से एक छात्र जिस जगह पानी में उतरा, वहां गहरा कुंड था और वह पानी में उतरने के साथ ही उसमें डूब गया। अपने साथी को डूबता देख अन्य दो छात्रों ने किनारे से ही पानी में छलांग लगा दी और वह भी कुंड में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने पानी में घुसकर छात्रों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
छात्रों के डूबने की सूचना एसएसपी बबलू कुमार को मिली तो उन्होंने कोतवाली बेहट प्रभारी एमपी सिंह एवं मिर्जापुर थाना प्रभारी प्रेम प्रकाश शर्मा मौके पर भेजा। तुरंत हथनीकुंड बैराज से नहर का पानी बंद कराकर रायपुर से पानी को बरसाती नदी में उतारा गया, ताकि जल्द पानी कम हो सकें। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय तैराकों को छात्रों की तलाश के लिए पानी में उतारा, लेकिन वे कुंड में पानी के अंदर तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के सरकड़ी गांव से गोताखोर बुलाए गए। पांच बजे गोताखोरों ने छात्रों की तलाश शुरू की। लेकिन शाम साढ़े छह बजे तक भी तीनों छात्रों का पता नहीं लग सका। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
तीनों छात्रों के एक साथ डूबने से परिजनों में कोहराम मच गया। एमएलसी महमूद अली ने मौके पर पहुंच जानकारी ली। हथनीकुंड बैराज से पानी बंद न होने पर लोगों ने हंगामा भी किया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/