Meerut: होली के त्योहार से पहले छापामारी, आबकारी विभाग की टीम ने नष्ट किया 1500 लीटर लहन, मचा हड़कंप
Meerut News : होली के त्योहार से पहले छापामारी की गई। आबकारी विभाग की टीम ने 1500 लीटर लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
विस्तार
होली के त्योहार से पहले मेरठ जनपद के हस्तिनापुर में शुक्रवार को आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान के तहत कई स्थानों पर छापामारी की। वहीं कार्रवाई के दौरान लगभग 1500 लीटर लहन को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री व परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
आबकारी निरीक्षक ज्योति अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने थाना मवाना स्थित ग्राम बीननगर के जंगल में दबिश दी गई। टीम ने दबिश के दौरान झाड़ियों में गड्ढों में छुपाकर रखे गए लगभग 1500 लीटर लहन को बरामद कर लिया। इसके बाद मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही एक बड़ी ट्यूब भी बरामद की गई।
यह भी पढ़ें: गजब हाल: पूर्व मंत्री याकूब की सील फैक्टरी पर बैंक ने दिया नौ करोड़ का लोन, हर कोई हैरान, जानें पूरा मामला
बताया गया कि ट्यूब में लगभग 150 लीटर अवैध कच्ची शराब भरी थी। अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर अज्ञात के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अन्तर्गत कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: Ram Rahim: जेल जाने से पहले साफ-सफाई करते राम रहीम कैमरे में कैद,बेटियों संग चर्चा,पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
टीम ने थाना परीक्षितगढ़ पुलिस के साथ असीफाबाद क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे ग्राम कुंडा, मिर्जापुर में संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी गई। होली के त्योहार को देखते हुए प्रतिबंधित अवैध शराब के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
वहीं छापामारी के दौरान टीम में आबकारी विभाग की निरीक्षक ज्योति अग्रवाल, राजेश आर्या आबकारी निरीक्षक सेक्टर एक, राजेश तिवारी आबकारी निरीक्षक सेक्टर दो, अतुल राय आबकारी निरीक्षक सेक्टर तीन व एसआई असीफाबाद आदि टीम शामिल रहे।