यूपी: विषाक्त भोजन खाने से चाचा-भतीजे की मौत, परिवार के कई लोगों की हालत गंभीर
अपने घर पर खाना खाने से एक ही परिवार के चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि एक महिला व दो युवतियों का इलाज चल रहा है। नजीबाबाद और बिजनौर से आई चिकित्सकों की टीम ने फूड प्वाइजनिंग से मौत होने की पुष्टि की है। चाचा-भतीजे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना यूपी के बिजनौर जनपद की है।
नांगलसोती में गुरुवार को मोहल्ला वाल्मीकियान निवासी विनोद कुमार (42), उसके परिवार का भतीजा ललित उर्फ लक्की (18), मुस्कान, दीपा, बीना अपने घर पर खाना खाकर सोए थे। रात में अचानक उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे। परिजनों ने पहले तो गांव के ही एक चिकित्सकों से उनका इलाज कराया। आराम नहीं मिलने पर उन्हें नजीबाबाद सीएचसी पर भर्ती कराया गया, वहां से चिकित्सकों ने विनोद, ललित और मुस्कान को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। ललित की बिजनौर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि विनोद की हालत गंभीर देखते हुए उसे बिजनौर से मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। विनोद की भी मेरठ ले जाते समय मौत हो गई। वहीं मुस्कान की तबीयत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई। परिजनों के मुताबिक दीपा और बीना का नजीबाबाद में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही नजीबाबाद से लेकर बिजनौर तक स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। सीएमओ ने तुरंत ही टीम गठित कर गांव में स्थिति का जायजा लेने भेजा। टीम ने फूड प्वाइजनिंग होने की पुष्टि की है। नजीबाबाद से पीएचसी प्रभारी संदीप कुमार, अपेडैमियोलॉजिस्ट शाकिर अली, डॉ. आसिफ चौधरी, मोहम्मद सलीम आदि शामिल रहे। परिजन फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
सीएमओ राकेश कुमार मित्तल ने बताया कि घटना बेहद ही दुखद है। दोनों की मौत विषाक्त भोजन खाने से हुई है। जबकि तीनों की स्थिति में सुधार हो रहा है। वहीं गांव वालों का कहना है कि गांव में भंडारा था, वहां उन्होंने भोजन किया था। उसके बाद रात में उन्होंने घर पर भी खाना खाया था।
रेलवे में खलासी था विनोद
परिजनों के मुताबिक विनोद रेलवे विभाग में खलासी था। फिलहाल वह जनपद हरिद्वार में तैनात था। वह छुट्टी पर आया हुआ था।
ललित बीएससी कंप्यूटर साइंस का छात्र था
ललित बीएससी कंप्यूटर साइंस का प्रथम वर्ष का छात्र था। परिजनों के मुताबिक वह बहुत ही होनहार था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/