UP: पांच लाख का इनामी बद्दो सोशल मीडिया पर सक्रिय, इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर पूर्व डीजीपी पर साधा निशाना
पांच लाख रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दाे को पुलिस आज तक नहीं ढूंढ पाई है। वहीं माफिया बदन सिंह बद्दो सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहता है। रविवार को बद्दो ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट अपलोड करके एक बार फिर यूपी के पूर्व डीजीपी पर निशाना साधा है। वहीं पुलिस है कि लोकेशन ढूंढती रह जाती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीपीनगर के बेरीपुरा निवासी बदन सिंह बद्दो आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। पूर्वांचल की जेल से 28 मार्च 2019 को वह गाजियाबाद कोर्ट में पेशी पर आया था। पुलिसकर्मियों से साठगाठ कर वह मेरठ में दिल्ली रोड स्थित होटल में शराब पार्टी करने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद से उसकी लोकेशन इंस्टाग्राम आदि की पोस्ट के जरिए विदेश में आ रही है। बद्दो की 10 करोड़ से अधिक की संपत्तियों को पुलिस जब्त कर चुकी है।
लखनऊ पुलिस ने कुछ महीने पहले बदन सिंह बद्दो को संजीव जीवा की हत्या में साजिश रचने का आरोपी बनाया है। पुलिस ने चार्जशीट में कहा है कि बदन सिंह बद्दो ने नेपाल में 50 लाख रुपये सुपारी देकर जीवा की हत्या कराई थी। इस आरोप के बाद बद्दो ने 23 सितंबर को अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट अपलोड की थी। रविवार को फिर पोस्ट करके बद्दाे ने यूपी पुलिस को चुनौती दी है।
पोस्ट में कमेंट करते हुए लिखा गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति रहे जॉन फिट्जगेराल्ड कैनेडी उर्फ जैक की 22 नवंबर 1963 को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या को ली हार्वे ओसवाल्ड ने अंजाम दिया।
जेल जाने के कुछ घंटे बाद ही ली हार्वे ओसवाल्ड की भी जैक रूबी नाम के आदमी ने हत्या कर दी थी। हत्या के 60 साल बाद भी पता नहीं चला कि कैनेडी की हत्या किसने कराई थी। दुनिया की सारी बड़ी एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक हत्या माना तो कुछ ने कहा कि ये माफिया ने कराई। कुछ लोग कहते हैं कि दुश्मन देशों ने मिलकर ये हत्या कराई।
बद्दो ने लिखा है कि एसआईटी और पूर्व डीजीपी ब्रजलाल को ये जांच दी गई होती तो वह यह साबित कर देते कि बदन सिंह बद्दो पिछले जन्म में अमेरिकन नागिरक था। कैनेडी की हत्या की सुपारी बद्दो ने नेपाल में ली हार्वे ओसवाल्ड को 15 लाख रुपये में दी थी।
पांच लाख रुपये एडवांस दिए थे। बद्दो बेहद खतरनाक है। इसलिए उसने सुबूत मिटाने के लिए जैक रूबी को 10 लाख में ली हार्वे की सुपारी दी। दो लाख एडवांस गए थे। बद्दो ने पुराने मामलों का भी जिक्र किया है कि उसको संजीव जीवा की हत्या में किस तरह से नामजद किया गया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि इंस्टाग्राम आईडी की लोकेशन पता की जा रही है।