UP: सेवानिवृत्त अधिकारी ने नाबालिग के साथ की घिनौनी हरकत, मां ने पुलिस को सौंपा वीडियो, कार्रवाई की लगाई गुहार
Meerut News : मेरठ में सेवानिवृत्त अधिकारी ने एक नाबालिग के साथ घिनौनी हरकत कर डाली। पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को घिनौनी हरकत का वीडियो भी सौंपा है।
विस्तार
मेरठ में नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक बीमा कंपनी से सेवानिवृत्त अधिकारी ने घर में काम करने वाली महिला की नाबालिग पुत्री के साथ घिनौनी हरकत की। पीड़िता ने मौका पाकर आरोपी का वीडियो बनाया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता के साथ उसकी मां एसएसपी कार्यालय पहुंची और शिकायत की। आरोपी का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया।
एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता की मां ने बताया कि वह घरों में साफ-सफाई करती है। शास्त्रीनगर में सेवानिवृत्त अधिकारी के घर पर भी काम किया। कभी-कभी वह कक्षा-8 में पढ़ रही अपनी बेटी को भी साथ ले जाती थी।
आरोप है कि सेवानिवृत्त अधिकारी ने कई बार उसकी पुत्री के साथ अकेला पाकर घिनौनी हरकत की। उसकी पुत्री ने विरोध किया तो आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह पुत्री के साथ 24 नवंबर को थाने जा रही थी तो आरोपी ने उनका पीछा किया और थाने नहीं जाने दिया। वह अगले दिन नौचंदी थाने पहुंची और घटना की तहरीर दी। इसके साथ ही आरोपी का एक वीडियो भी पुलिस को दिखाया।
यह भी पढ़ें: Blast In Meerut: शव के टुकड़े देख सिहर उठे लोग, तौसीफ के परिवार पर टूटा गम का पहाड़
आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। अब आरोपी उन पर लगातार समझौते का दबाव बनाते हुए धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत सुनकर सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: युवती की गला रेतकर हत्या, सनसनीखेज वारदात से दहल उठा गांव, पढ़ें ताजा खबरें