मेरठ: सुबह स्कूल जा रही दो बहनों को बेकाबू ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक हादसा देख निकली लोगों की चीखें
मेरठ के थाना सदर बाजार क्षेत्र में आज सुबह स्कूटी से स्कूल जा रही दो लड़कियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों की चीखें निकल गई। ट्रक चालक दोनों लड़कियों को कुचलने के बाद मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मामला कैंट इलाके का होने के कारण मौके पर पुलिस व आर्मी पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को मामले की सूचना दी और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंकरखेड़ा के गणपति विहार कॉलोनी निवासी अनु और अंजली कैंट स्थित स्कूल में पढ़ती थी। आज सुबह दोनों घर से एक ही स्कूटी पर सवार होकर स्कूल के लिए निकली। रास्ते में उमराव एन्कलेव गेट के सामने तेज रफ्तार से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। ट्रक का पहिया दोनों लड़कियों के सिर पर चढ़ गया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से कुछ दूरी पर ट्रक रुका और दर्दनाक हादसा देख वह मौके से फरार हो गया।
परिजनों के पैरों तले से खिसकी जमीन
राहगीरों की सूचना पर मौके पर आर्मी और पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस ने लड़कियों के बैगों की तलाशी ली और उनके परिजनों व स्कूल में घटना के बारे में जानकारी दी। हादसे की सूचना पाकर परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने घटनास्थल की ओर दौड़ लगा दी। वहीं लड़कियों की मां तो अपने होश खो बैठी।
इसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों लड़कियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही पीड़ितों ने सदर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि दोनों लड़कियां सागी बहन थी एक ही कॉलोनी की रहने वाली है। दोनों स्कूल जा रही थी तभी यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है। ट्रक नंबर के आधार पर ट्रक के मालिक व चालक का पता लगाया जा रहा है। जांच बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।