पश्चिमी यूपी में अचानक बदला मौसम, सहारनपुर में तेज बारिश के साथ जमकर गिरे ओले, किसानों की बढ़ी चिंता
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी यूपी में बृहस्पतिवार को दोपहर के बाद अचानक मौसम बदल गया। जहां मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद और नोएडा सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई तो वहीं सहारनपुर जिले के गंगोह क्षेत्र में तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई।
सहारनपुर में बृहस्पतिवार को दिन में तपती गर्मी के बाद शाम को चार बजे अचानक मौसम ने पलटी मारी। जनपद के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ कुछ देर के लिए बारिश हुई। वहीं इस दौरान गंगोह में ओले भी पड़े। जिससे किसानों के चेहरों पर मायूसी आ गई।
काली घटाओं ने किसानों को डराया
सहारनपुर में 14 मई को गर्मी का अहसास हुआ। सूरज की तपिश ने गर्मी के चरम की ओर बढ़ने का अहसास दिलाया, लेकिन शाम चार बजे अचानक जनपद का मौसम बदल गया। तेज हवाएं चलने लगीं। काली घटाएं छा गईं। बादल गरजने लगे। मौसम का मिजाज बदल गया। उधर, सरसावा में तेज हवाओं के साथ काले बादल चले गए।
यह भी पढ़ें: खूबसूरत नजारा... हर तरफ बर्फ ही बर्फ, पर मुश्किल में किसान, जिले में हुआ भारी नुकसान
उधर, गंगोह में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। इस दौरान जमकर ओलावृष्टि भी हुई। करीब बीस से तीस मिनट तक बारिश और ओलावृष्टि हुई। जिससे यहां के किसानों की चिंता बढ़ गई है। ओलावृष्टि होने से आम के बाग को काफी नुकसान पहुंचा।
इसके अलावा घरों की छत पर रखे टैंक और टीन शेड तक उड़ गए। रामपुर मनिहारन में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बेहट में बूंदाबांदी हुई। बड़गांव में तेज हवाएं चलीं और करीब बीस मिनट तक तेज बारिश हुई।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/