मेरठ। डीएन कॉलेज मेरठ की एनएसएस इकाई-प्रथम के सात दिवसीय विशेष दिन-रात्रि शिविर के छठे दिन का आयोजन खडौली स्थित कॉम्पोजिट स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का विषय बेटा बचाओ, बेटी पढ़ाओ रहा, जिसमें स्वयं सेवकों ने रैली, नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।
स्वयं सेवकों ने बेटियों की शिक्षा और समान अवसर पर जोर देते हुए समाज को जागरूक किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, नृत्य-गीत और प्रेरणादायी कविताएं प्रस्तुत की गईं, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा। मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. बीएस यादव ने कहा कि बेटी की शिक्षा से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है। विशिष्ट अतिथि प्रो. हिमांशु ने गीता और रामचरितमानस के उदाहरण देते हुए युवाओं को निष्काम कर्म, सेवा और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। कैप्टन डॉ. दीपक कुमार ने अनुशासन और राष्ट्रसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। प्राचार्य प्रो. यादव ने स्वयं प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीप एन मौर्य के निर्देशन में हुआ। शिविर में मनोज, आंचल, ज्योति, नताशा, अजय गहलोत, दीपांशी, सोनिका, वंशिका, साक्षी, तुलसी, सागर, तनु, दीपेश, विनय कुमार, खुशी, प्रदीप ने भी युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। एनएसएस इकाई ने संकल्प लिया कि शिक्षा और सामाजिक जागरुकता के माध्यम से बेटा-बेटी समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।