सपा कार्यकर्ता श्रवण कुमार के घर में बदमाशों ने महज 20 मिनट में ही वारदात को अंजाम दे दिया। घटनास्थल से 50 मीटर की दूरी पर ही इंस्पेक्टर गंगानगर राजपाल सिंह जेपी स्कूल में सो रहे थे। बदमाश परिवार के लोगों को बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहे थे। बंधक बना परिवार खौफ में रहा। श्रवण इकलौते बेटे कुलदीप को बचाने के लिए बदमाशों के सामने गिड़गिड़ाते रहे। उनसे बोले-सारा पैसा और जेवरात ले जाओ, बस बेटे को कुछ मत कहो। यह बदमाश डंडे और तमंचे साथ लेकर आए थे।
Meerut: 20 मिनट में वारदात को दिया अंजाम, 50 मीटर दूरी पर सोते रहे इंस्पेक्टर, देखिए मौके की तस्वीरें
वहीं सुबह पशुओं को चारा डालते समय सुबह 5:10 बजे बदमाशों ने उनकी घेराबंदी कर ली। बदमाश उन्हें पीटते रहे। बार-बार धमकी देते रहे कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। श्रवण ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि बदमाशों को घर के अंदर की सब जानकारी थी। वारदात के बाद करीब 5:30 बजे बदमाश मुख्य रास्ते की बजाय घर के सामने बिजलीघर पर जाने वाली गली से गए।
बातचीत से स्थानीय लग रहे थे बदमाश
श्रवण ने बताया कि गन प्वाइंट पर लेकर बदमाशों ने रुपये और जेवरात के बारे में पूछा। तभी एक बदमाश बोला- ऊपरी मंजिल पर इनके पुत्र और पुत्रवधू सो रहे हैं, उनको भी जगाओ। दो बदमाश ऊपरी मंजिल पर जाकर श्रवण के पुत्र कुलदीप और पुत्रवधू को लेकर नीचे आ गए। तीनों को बदमाशों ने पीटना शुरू कर दिया और गोली मारने की धमकी दी। श्रवण घबरा गए और बोले, तुम गोली मत चलाना। घर में जो भी पैसा और जेवरात हैं, सब ले जाओ। परिवार को बंधक बनाकर लूट के बाद बदमाश करीब 5:30 बजे चले गए। बातचीत से बदमाश स्थानीय ही लग रहे थे।
लोगों ने किया हंगामा, समझाती रही पुलिस
दिन निकलते डकैती की वारदात होने का पता लगते ही लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाना शुरू कर दिया। लोगों ने गंगानगर पुलिस पर आरोप लगाए कि अमन विहार में गश्त नहीं की जाती। रोजाना चोरी-लूट की वारदात होती है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अमन विहार कॉलोनी में पुलिस की गश्त बढ़ेगी।
वारदात से पहले रेकी की गई, तीन को हिरासत में लिया
श्रवण कुमार का हॉस्टल है और दुकानें भी, जहां पर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। व्यापार से जुड़े लोगों और कर्मचारियों का घर पर भी आना-जाना है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे देखें तो कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली। फुटेज से पता चला कि अमन विहार में घटना को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने 12 घंटे पहले तैयारी कर ली थी। दो कार कैमरे में कैद हुई है, जो सोमवार शाम अमन विहार में देखी गईं।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने डकैतों की तलाश में पांच टीम गठित कीं। सर्विलांस और मुखबिर के अलावा सीसीटीवी कैमरों पर पुलिस का फोकस ज्यादा है। पुलिस को तीन कैमरों की फुटेज मिली हैं। इनमें दो कार दिखी हैं। बताया गया कि ये कार सोमवार शाम पांच बजे से अमन विहार में घूम रही थीं। आशंका है कि श्रवण के मकान की रेकी की जा रही थी। दोनों कारों के नंबर पुलिस ने जुटाए हैं। यह कार अमन विहार में कहां-कहां रुकी, यह भी देखा गया। पुलिस ने अमन विहार कॉलोनी में किराये पर रहने वाले व्यक्ति और उसके दो बेटों को हिरासत में लिया हैं।
कर्मचारियों और करीबियों से भी पूछताछ
पुलिस ने श्रवण की दुकान और हॉस्टल पर काम करने वाले कर्मचारियों और कई करीबियों से भी पूछताछ की है। रात में आईजी प्रवीण कुमार के अलावा एसएसपी और एसपी देहात अमन विहार में श्रवण के घर पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पूछा कि अगर किसी पर शक हो तो बताएं।
श्रवण के घर पहुंचे सपा नेता
वारदात की जानकारी लगने पर सपा विधायक शाहिद मंजूर अपने कार्यकर्ताओं के साथ अमन विहार में श्रवण के घर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और घटना का खुलासा करने की बात कहीं। वारदात के बाद दिनभर श्रवण के घर पर लोगों का तांता लगा रहा। वारदात को लेकर लोगों ने पुलिस के प्रति नाराजगी भी जताई।