मनचलों से भिड़ी रिटायर्ड अफसर की बहादुर बेटी, SSP ने दिए सख्त निर्देश
मेरठ जनपद के कैंट क्षेत्र में रविवार रात एक रिटायर्ड अफसर की बहादुर बेटी एक्टिवा सवार मनचलों से भिड़ गई। आरोपी युवती का पीछा करने लगे तो पीड़िता ने मोबाइल फोन से मनचलों की फोटो खींचकर कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। बाद में अन्य लोगों के पहुंचने पर युवती ने खुद ही दोनों का पीछा किया तो आरोपी एक्टिवा छोड़कर फरार हो गए।
कैंट क्षेत्र निवासी एक रिटायर्ड अफसर की बेटी पीएल शर्मा रोड पर एक कंप्यूटर सेंटर में जॉब करती है। रात करीब 8:30 बजे वह एक्टिवा से घर लौट रही थी। इस बीच एक्टिवा सवार दो मनचले युवती का पीछा करने लगे। जिस पर युवती ने शक होने पर एक जगह एक्टिवा रोकी तो थोड़ा से पहले मनचले भी रुक गए। जिस पर युवती ने मोबाइल फोन पर बात करने के बहाने एक्टिवा सवार इन मनचलों की फोटो खींच ली। कंट्रोल रूम को सूचना देकर युवती ने एक्टिवा दौड़ा दी। मनचलों ने भी पीछा करते हुए युवती की एक्टिवा में साइड मारने की कोशिश की। सोफिया स्कूल के पास युवती ने शोर मचाकर आसपास के लोगों के साथ मनचलों का खुद ही पीछा करना शुरू कर दिया। रजबन के पास घेराबंदी होने पर मनचले घबरा गए और एक्टिवा सड़क पर ही फेंककर पैदल भागने लगे। युवती ने एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह छूटकर भाग निकला। इस बीच यूपी 100 की गाड़ी और इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल भी पहुंच गए।
दोस्त से मांगकर लाए थे एक्टिवा
जिस जगह मनचलों ने एक्टिवा फेंकी, वहीं उसका मालिक खड़ा था। वह युवक भी समझ गया कि आरोपी दोनों युवक कुछ गलत हरकत कर फरार हो गये। इस बीच पुलिस और युवती ने एक्टिवा मालिक युवक को पकड़ लिया। पुलिस युवक और एक्टिवा को थाने ले गई। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देते हुए मोबाइल से खींचा हुआ फोटो भी सौंप दिया। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों आरोपी रजबन निवासी अंकुश और दीपक हैं, जो अपने दोस्त से एक्टिवा लेकर गए थे। युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी युवकों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पढ़ें : दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, 10 पिस्टल, 15 मैगजीन बरामद
छेड़छाड़ का विरोध करने पर पीटा
लिसाड़ीगेट क्षेत्र निवासी एक युवती को पड़ोस में रहने वाला एक युवक पिछले 15 दिन से परेशान कर रहा है। रविवार शाम को युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान उक्त युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद युवती की मां ने आरोपी के घर पहुंचकर उसके परिजनों ने शिकायत की। आधा घंटे बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट कर दी। बचाव करने पर युवती की मां को भी पीटा। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी और लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पति के सामने महिला से बदसलूकी
परतापुर निवास दंपति अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। शताब्दी नगर सेक्टर 4 बी के जंगल में चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपी शराब के नशे में थे। उन्होंने दंपति से बदसलूकी की। आरोप है कि युवकों ने पति के सामने ही महिला को खेत में खींचने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान बचाने दौडे़ । उन्हें आता देख आरोपी भाग गए। दंपति ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपी युवकों की पहचान हो गई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जेल गए युवती से छेड़छाड़ करने वाले
कमिश्नरी पर शनिवार दोपहर एक छात्रा और पब्लिक ने दो मनचलों की चप्पल और डंडे से पिटायी की थी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने भी मनचलों को धुन दिया था। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी नितिन और उसके साथी कासिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पढ़ें : जिंदगी की आखिरी दौड़ में... मौत से हार गया गौरव
मनचलों पर सख्त कार्रवाई करें
महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को लेकर एसएसपी ने रविवार को थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी। छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर जमकर फटकार लगाई, वहीं एक माह में मनचलों के खिलाफ की गई कार्रवाई के साथ एंटी रोमियो स्क्वाएड की रिपोर्ट भी तलब की है।
पुलिस लाइन सभागार में करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में एसएसपी मंजिल सैनी ने एंटी रोमियो स्क्वाएड के कामों की समीक्षा करते हुए कड़ी फटकार लगाई। स्कूल-कॉलेजों, मंदिर बाजारों में छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के सख्त निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि यदि किसी मामले में छेड़छाड़ के आरोपी जेल नहीं गए तो थाना प्रभारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। महिलाओं की सुरक्षा पुलिस का प्रथम कर्तव्य है।
आगामी त्यौहारों और शोभायात्राओं को देखते हुए सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। सभी सीओ और थाना प्रभारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में माफियाओं को चिह्नित कर सीधे कार्रवाई कर रिपोर्ट तैयार करें। पांच साल से जेल से रिहा होने वाले अपराधियों का रिकॉर्ड थाने के रजिस्टर में हो, नहीं तो मुंशी सीधे सस्पेंड होंगे। पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को तत्काल समाधान किया जाए। कहा कि यूपी 100 की सूचना के बाद सीओ और थाना प्रभारी अपनी जिम्मेदारी तय करें। इस दौरान एसपी सिटी मानसिंह चौहान, एसपी क्राइम शिवराम यादव, एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई, सभी सीओ और थाना प्रभारी रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/