दौराला। शिव मंदिर रेलवे स्टेशन के मैदान पर चल रही राम लखन रंगमंच कमेटी के तत्वावधान में रामलीला में सोमवार को कैकेयी-मंथरा संवाद और राजा दशरथ की प्रतिज्ञा के मार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। राम के वनवास की बात सुनकर राजा दशरथ की व्याकुलता और कैकेयी के हठ ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी अभिनव गुप्ता, पीयूष गुप्ता ने भगवान श्रीराम व हनुमान की पूजा-अर्चना के बाद किया। कमेटी की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष हरपाल चौहान ने बताया कि मंचन में दिखाया गया कि मंथरा के बहकावे में आकर कैकेयी कोप भवन में चली जाती हैं। राजा दशरथ उन्हें मनाने पहुंचते हैं तो कैकेयी पहले उनसे वचन लेती हैं। इसके बाद भरत के लिए राजगद्दी और राम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांग लेती हैं। कैकेयी की मांग सुनकर राजा दशरथ व्याकुल हो उठते हैं। कलाकारों के सजीव अभिनय की दर्शकों ने सराहना की। इस दौरान महामंत्री ललित चौहान, वीरेंद्र ठेकेदार, रजनीश, सोनू, अमित, मोहन, ओमपाल, रविंद्र, मुकेश, सचिन आदि मौजूद रहे।