रोमांचक होगा इस बार शिक्षक एमएलसी चुनाव, भाजपा ने अपनाया ये नया पैंतरा
सहारनपुर-मेरठ शिक्षक व स्नातक सीट पर इस बार भी चुनाव रोमांचक होगा। शिक्षक सीट पर जहां 48 साल का वर्चस्व तोड़ने की चुनौती है, तो स्नातक सीट पर भी लड़ाई अहम है। बढ़े हुए मतदाता चुनाव की दिशा-दशा तय करने के साथ ही भाजपा की रणनीति की सफलता-असफलता का पैमाना भी बनेंगे।
शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में माध्यमिक शिक्षक संघों का वर्चस्व रहा है। शिक्षक सीट पर जहां ओमप्रकाश शर्मा लगातार तो स्नातक सीट पर भी शिक्षक संघ के प्रत्याशी ही जीतते रहे हैं। स्नातक सीट पर राजनीतिक दलों ने कई बार हाथ आजमाने की कोशिश की लेकिन, शिक्षकों की एकता और बूथ प्रबंधन के सामने टिक नहीं पाए। इससे निपटने के लिए भाजपा ने एक साल पहले से ही चुनावी तैयारी शुरू कर दी थी।
विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने घर-घर जाकर स्नातकों के वोट बनवाए। यही कारण रहा कि इस बार मेरठ-सहारनपुर सीट पर करीब एक लाख मतदाता बढ़ गए हैं। नए मतदाता सिर्फ शिक्षक ही नहीं हैं।
शिक्षक सीट पर भी स्थिति बदली है। पिछले चुनाव में भी निजी कॉलेजों के वोट बनवाए गए थे लेकिन वह इतने नहीं कि ओमप्रकाश शर्मा के वर्चस्व को चुनौती दे सकें। यही कारण रहा कि भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल शर्मा के मुकाबले कम अंतर से चुनाव हार गए थे। इस बार भाजपा ने पैंतरा खेला है।
यह भी पढ़ें: बड़े-बड़े खुलासे कर चुकीं 'ASP टिंकी' की मौत, अफसर हुए भावुक, देखिए तस्वीरें
निजी स्कूलों में प्राइवेट पब्लिक स्कूल में कार्यरत शिक्षक मतदाताओं को सूची में शामिल किए जाने से 12 हजार मतदाता बढ़ गए हैं। दूसरी ओर करीब तीन हजार माध्यमिक शिक्षक सेवानिवृत्त होने के कारण मतदाता सूची से बाहर हो चुके हैं।
कल से होंगे नामांकन
जिला स्तर पर भी विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को कमिश्नरी में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम ने कहा कि नामांकन कमिश्नरी में ही होगा। पांच नवंबर से 12 नवंबर तक नामांकन किए जा सकते हैं। एक दिसंबर को मतदान और तीन को नतीजे आएंगे। अपर आयुक्त रजनीश राय ने बताया कि नाम निर्देशनों की जांच 13 नवंबर को होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 17 नवंबर है। डीएम के. बालाजी, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव मौजूद रहे।
जनपदवार मतदाता
जिला स्नातक शिक्षक
मेरठ 59,920 6,717
सहारनपुर 56,892 3,001
मुजफ्फरनगर 34,048 3,621
शामली 9,151 1,819
बागपत 11, 570 1,976
गाजियाबाद 55,412 8,216
हापुड़ 18,089 1,822
बुलंदशहर 34,734 3,743
गौतमबुद्धनगर 18,365 5,210
कुल 2,98,181 36,125
(नोट: आंकड़े अंतिम नहीं हैं। अभी इसमें बदलाव हो सकता हैं।)
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/