मेरठ। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सीए फाइनल परीक्षा के परिणाम घोषित हुआ है। मेरठ ब्रांच के सह अध्यक्ष सीए शशांक गुप्ता और सचिव सीए विशु शर्मा ने बताया कि ग्रुप-वन में मेरठ जिले से 108 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिसमें 28 सफल रहे।
ग्रुप-टू में 46 परीक्षार्थियों में से कोई भी पास नहीं हो सका। संयुक्त ग्रुप (दोनों ग्रुप) में 54 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिसमें 21 सफल हुए। कुल मिलाकर मेरठ जिले से 208 छात्र-छात्राओं ने सीए फाइनल की परीक्षा दी, जिसमें 49 ने सफलता प्राप्त की। मेरठ ब्रांच के सिकासा अध्यक्ष सीए आशीष अनेजा, कार्यकारी सदस्य सीए ज्ञाति गुप्ता और सीए अजय गुप्ता ने संयुक्त रूप से बताया कि जिले में स्पर्श सिंघल ने सर्वाधिक अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 600 में से 369 अंक प्राप्त किए। शताक्षी शर्मा ने 338 अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। पार्थ बत्रा और छवि अरोरा ने 315-315 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर मेरठ का नाम रोशन किया। इसके अलावा रितिका शर्मा, भव्या कंसल, मयंक कुमार, तान्या कोचर, साक्षी जैन, अरुणिमा गुप्ता, अनिकेत अग्रवाल, अक्षित माहेश्वरी, स्नेहा जैन और विकास शर्मा ने भी सीए बनने का गौरव प्राप्त किया। मेरठ ब्रांच की प्रबंधक समिति ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी।