{"_id":"58dab6524f1c1bd83763e94e","slug":"smart-city-proposal-pass-with-full-majority","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्मार्ट सिटी प्रपोजल सर्वसम्मति से पास ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्मार्ट सिटी प्रपोजल सर्वसम्मति से पास
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
Updated Wed, 29 Mar 2017 10:15 AM IST
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम की बोर्ड बैठक में जहां शहर में गंदगी, पानी और हाउस टैक्स के मामले गूंजे, तो स्मार्ट सिटी के प्रपोजल को सभी दलों के पार्षदों ने शहर हित में बताते हुए सर्वसम्मति से पास कर दिया।
विज्ञापन
बोर्ड बैठक पूर्वाह्न 11.30 बजे शुरू हुई। नगरायुक्त डीके कुशवाहा के निर्देश पर चीफ इंजीनियर कुलभूषण वार्ष्णेय ने सदन के सामने प्रोजेक्टर के माध्यम से स्मार्ट सिटी का प्रपोजल रखना शुरू किया। जिस पर कुछ ही देर में पूरे सदन ने सहमति जताते हुए मुहर लगा दी। इसके उपरांत पार्षदों ने स्ट्रीट लाइट, सफाई, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, अतिक्रमण, पानी और सड़क निर्माण आदि विषयों पर चर्चा करनी शुरू की। इस दौरान गांवड़ी कूड़ा निस्तारण प्लांट की भी अफसरों ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
विज्ञापन
डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का निकलेगा टेंडर
नगरायुक्त ने कहा कि कूड़ा निस्तारण प्लांट का अनुबंध हो चुका है। शीघ्र ही कंपनी प्लांट का कार्य शुरू करने वाली है। शहर से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए निगम अलग से टेंडर निकालेगा। शहर में कूड़ाघर बनाने के लिए 72 करोड़ की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है। सीएनडीएस को निर्माण कार्य करना है।
विज्ञापन
जली कोठी पार्क में अवैध कब्जा
पार्षद राजू वर्मा ने कहा कि जली कोठी पर तिकोना पार्क में पूर्व पार्षद हाजी रईस ने अवैध कब्जा किया हुआ है सदर तहसील के बाहर सड़क पर भी लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे हटने चाहिए।
अवैध होर्डिंग पर जमकर हंगामा
शहर में अवैध होर्डिंग और यूनिपोल के खिलाफ सदन में जमकर हंगामा हुआ। पार्षद विजय आनंद, किशन कन्हैया, राजीव काले ने कहा कि शहर की सड़कों पर अवैध होर्डिंग और यूनिपोल लगाए जा रहे हैं। जिससे कई लोगों की मौत हो चुकी हैं और अब कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस मुद्दे पर हर बार सदन में चर्चा होती है। लेकिन निगम अधिकारियों की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होती है। इस पर नगरायुक्त ने कहा कि अवैध होर्डिंग न लगें इसके लिए हमने जोन वार कमेटी बनायी हैं। 15 दिन में सभी अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे।
नहीं आते सफाई कर्मचारी, शहर में गंदगी
पार्षदों ने कहा कि शहर में गंदगी के अंबार हैं। किसी वार्ड में 70-75 तो किसी वार्ड में 20-22 सफाई कर्मी लगाए गए हैं। इनमें से आधे भी काम पर नहीं आते। जनता पार्षदों का घेराव कर रही हैं। पार्षद अशोक प्रधान ने कहा कि अगर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री को इससे अवगत कराया जाएगा। सुधीर पुंडीर एडवोकेट ने आरोप लगाते शिकायत की कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुंवरसेन न तो फोन उठाते हैं और न ही इनको शहर की समझ है। वह मेरठ के योग्य नहीं हैं।
और भड़क गए नगरायुक्त
सफाई कर्मियों की उपस्थिति और गंदगी को लेकर उठे सवालों का संतुष्ट जवाब नगर स्वास्थ्य अधिकारी से न मिलने पर नगरायुक्त भड़क गए। कहा कि अब वह स्वयं पार्षदों के साथ उनके वार्ड में पहुंचकर सफाई कर्मियों की उपस्थिति चेक करेंगे। लापरवाही मिलने पर सफाई निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी तो नगर स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ शासन को लिखा जाएगा।
अब महाराणा प्रताप होगा जिमखाना का नाम
बोर्ड बैठक में महापौर ने जिमखाना मैदान का नाम महाराणा प्र्रताप रखे जाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सदन में पास कर दिया गया। यानी अब जिमखाना मैदान को महाराणा प्रताप मैदान के नाम से जाना जाएगा।
पुराना विवाद उभरा
पिछली बोर्ड बैठक में सपा पार्षद शाहिद अब्बासी और भाजपा पार्षद तहसीन अंसारी में हुई मारपीट का मामला सदन में उठ गया। तहसीन अंसारी ने सपा पार्षद के खिलाफ पैर पकड़कर सदन में माफी मांगने की प्रस्ताव रख दिया। इसके पक्ष में भाजपा पार्षद विजय आनंद, सेंसरपाल आदि ने शाहिद अब्बासी की सदस्यता खत्म करने और भविष्य में ऐसे व्यक्ति को सदन में न घुसने देने की मांग कर दी। काफी देर तक सदन में हंगामा होता रहा। शाहिद अब्बासी अपना पक्ष रखने के बाद सदन छोड़कर चले गए।