देशभक्ति का जज्बा: शहीदों की याद में 100 फिट लंबी अनोखी कांवड़ लेकर आए शिवभक्त
कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के अलावा देशभक्ति का जज्बा भी नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शहर के मोहल्ला गांधी कॉलोनी के कांवड़ियों का ग्रुप पुलवामा के शहीदों की याद में 100 फिट लंबी कांवड़ लेकर आए। इस कांवड़ पर शहीद सीआरपीएफ के जवानों की तस्वीर लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के जवान शहीद हो गए थे। उनकी शहादत को नमन करते हुए गांधी कॉलोनी दीपक चौहान, पुनीत शर्मा, देव चौधरी, चंदन गुजराल, शुभम कुमार, राहुल सिंह, सुनील गांधी सहित उनका ग्रुप गंगाजल लेने हरिद्वार गया था। वहां से ग्रुप के सदस्य पैदल 100 फिट लंबी कांवड़ लेकर सोमवार को सहारनपुर लौटे हैं।
कांवड़ पर सबसे आगे शिवलिंग विराजमान है और एक बैनर लगा है, जिस पर लिखा हुआ है कि एक कांवड़ पुलवामा हमले के शहीद जवानों के नाम। इसके पीछे एक-एक शहीद की फोटो लगाई हैं।
कांवड़ियों का कहना है कि हमारे सैनिक देश की रक्षा के लिए अपनी जान दांव पर लगा देते हैं। पुलवामा में आतंकियों की कायरना हरकत में कई जवान शहीद हुए थे। हम उन सभी शहीदों को नमन करते हैं। इसीलिए हमने कांवड़ के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
आकर्षण का केंद्र बनी 110 फिट लंबी तिरंगा कांवड़
शिवधाम कांवड़ सेवा समिति भूतेश्वर नगर के कांवड़िए 110 फिट लंबी तिरंगा कांवड़ लेकर सोमवार को जल लेकर लौट आए। तिरंगा कांवड़ आकर्षण का केंद्र रही। समिति के सदस्य पंकज ने बताया कि सभी शिवभक्त भूतेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। दिन में कांवड़ को देहरादून रोड पर खालसा पब्लिक स्कूल के पास विश्राम दिया गया। रात के समय सभी शिवभक्त कांवड़ लेकर भूतेश्वर नगर पहुंचे, जहां लोगों ने उनका स्वागत किया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/