Saurabh Murder Case: जेल में मुस्कान और उसकी नवजात बेटी की विशेष देखभाल, अलग बैरक में जच्चा-बच्चा सुविधा
मेरठ के सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान को जिला कारागार में उसकी नवजात बेटी राधा के साथ अलग बैरक में रखा गया है। जेल प्रशासन जच्चा-बच्चा मैनुअल के अनुसार दोनों की विशेष देखभाल, डाइट और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
विस्तार
मेरठ के सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान को जिला कारागार में उसकी नवजात बेटी राधा के साथ विशेष देखभाल में रखा गया है। जेल प्रशासन ने उसे एक अलग बैरक में शिफ्ट किया है, जहां जच्चा-बच्चा मैनुअल के अनुसार दोनों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
जेल अधिकारियों के अनुसार मुस्कान को जच्चा–बच्चा डाइट दी जा रही है और मां–बेटी की नियमित स्वास्थ्य जांच भी कराई जा रही है। बता दें कि मुस्कान ने हाल ही में दूसरी बेटी को जन्म दिया है।
क्या है पूरा मामला
3 मार्च की रात ब्रह्मपुरी क्षेत्र के इंद्रानगर में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। शव को चार टुकड़ों में काटा गया इसके बाद दोनों ने नीले ड्रम में भरकर उसमें सीमेंट डालकर छुपा दिया।
19 मार्च को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। जेल में की गई नियमित मेडिकल जांच के दौरान मुस्कान गर्भवती मिली थी।
सोमवार शाम 6:50 बजे मेडिकल कॉलेज में मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान ने बेटी का नाम पहले ही सोच लिया था। जेल में मुसकान काफी धार्मिक हो गई थी। वह नवरात्र के दौरान भजन कीर्तन में भी हिस्सा लेती थी। इसी दौरान उसने कहा था कि यदि बेटी हुई तो वह उसका नाम कान्हा रखेगी। यदि बेटी हुई तो उसका नाम राधा रखेगी।
जेल मैनुअल के अनुसार बच्चा छह साल तक मां के साथ रहेगा। राधा का टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच लगातार होती रहेगी। दोनों को सभी निर्धारित चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि कानून के तहत जच्चा-बच्चा को मिलने वाली हर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।