सहारनपुर: विवाहिता का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
यूपी के सहारनपुर में तीन युवकों द्वारा हथियारों से आतंकित कर एक विवाहिता का अपहरण कर बाग में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी महिला को मरा हुआ समझकर फरार हो गए। पीड़िता के पति ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच आरंभ कर दी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार शाम उसकी पत्नी एक चिकित्सक से दवाई लेकर वापस लौट रही थी। बाईपास मार्ग स्थित गैस एजेंसी के समीप बाइकों पर आए एक मोहल्ले निवासी तीन युवकों ने हथियारों से आतंकित कर उसकी पत्नी को रोक लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और एक बाग में ले गए। वहां तीनों ने जबरन उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने और शोर मचाने पर महिला के साथ मारपीट की गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी चीखें सुनकर लोगों को आता देखकर आरोपी फरार हो गए। घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/