#Pulwama: समाज में नफरत, हिंसा और दहशतगर्दी के लिए कोई जगह नहीं: दारुल उलूम
दारुल उलूम ने कश्मीर के पुलवामा में सेना के जवानों पर हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी बनारसी ने कहा कि समाज में नफरत, हिंसा और दहशतगर्दी के लिए कोई जगह नहीं है।
शनिवार को दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी बनारसी ने कश्मीर के पुलवामा में आत्मघाती हमले में 44 जवानों के शहीद होने पर दुख का इजहार करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में दारुल उलूम और पूरा मुल्क शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज में नफरत, हिंसा और दहशतगर्दी के लिए कोई भी जगह नहीं है। तमाम मजहब इंसानियत का पाठ पढ़ाते हैं। विशेषकर इस्लाम अमनो अमान और मोहब्बत का संदेश देता है।
वहीं मौलाना बनारसी ने कहा कि इस आजमाइश की घड़ी में हम सबको एकजुट होकर एक प्लेटफार्म पर आकर खड़े होना चाहिए और दहशतगर्दी का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। मजलिस इत्तेहाद-ए-मिल्लत के प्रदेशाध्यक्ष मुफ्ती अहमद गौड ने भी पुलवामा में सेना के जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए जवानों की शहादत पर अफसोस का इजहार किया है। कहा कि भारत सरकार को चाहिए कि वह इस हमले का करारा जवाब दे। ताकि फिर से इस प्रकार की कोई घटना हमारे जवानों के साथ घटित न हो।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/