रोहित हत्याकांड: मंडप से अगवा किया, हाथ के कड़े से दम तोड़ने तक किए ताबड़तोड़ वार, जूतों से चेहरा कुचला
मेरठ के भावनपुर में मंडप से अगवा कर रोहित सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रोहित की हत्या हाथ के कड़े से वार कर की गई थी। पढ़ें वारदात का पूरा सच।
विस्तार
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में दतावली रोड स्थित विवाह मंडप से अगवा कर भोपाल विहार के रोहित सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मंगेतर को गाली देने पर किनानगर के रोहित राजूपत ने अपने दोस्त शिवम जाट के साथ मिलकर हाथों में पहने कड़ों से उसके चेहरे और सिर पर कई वार कर मार डाला। इसके बाद चेहरा बिगाड़ने के लिए जूतों से कुचला और फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
सरसों के खेत में मिला था शव
पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा और सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला ने बताया कि 26 नवंबर की सुबह भावनपुर थाना क्षेत्र में सरसों के खेत में रोहित सिंह का शव मिला था। पुलिस ने किनानगर निवासी रोहित राजपूत और भोपाल विहार के शिवम जाट को दतावली गेट से गिरफ्तार कर पूछताछ की।
यह भी पढ़ें: Meerut: कांवड़ पटरी मार्ग पर हादसा, बैरियर तोड़कर नहर में गिरा तेज रफ्तार ट्रक, चालक की माैत
मंगेतर को गालियां देने पर की वारदात
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि 25 नवंबर को दतावली में एमएस फार्म में उनके दोस्त अरुण की बहन की शादी थी। जिसमें रोहित सिंह भी आया था। वह दोनों फार्म हाउस पर पहुंचे तो रोहित सिंह शराब के नशे में था। हम दोनों ने भी शराब पी रखी थी। हम रोहित सिंह को लेकर पहले से गुस्से में थे। वह हमारे साथ कई बार गाली-गलौज कर चुका था।
रोहित सिंह दोनों से मिला तो उनको गालियां देने लगा। रोहित राजपूत की मंगेतर को भी गाली दी। इस पर दोनों आरोपियों ने रोहित सिंह की हत्या की योजना बना ली। वह उसे मंडप के सामने सरसों के खेत में ले गए। वहां हाथ में पहने कड़ों से उसके चेहरे व सिर पर कई वार कर दिए।
हत्या के अगले दिन गाजियाबाद में की कोर्ट मैरिज
आरोपी रोहित राजपूत ने बताया कि 26 नवंबर को उसे अपनी प्रेमिका से गाजियाबाद में कोर्ट मैरिज करनी थी। रोहित सिंह उन्हें शादी में मिला तो उन्होंने उसकी हत्या करने का फैसला कर लिया।
रोहित राजपूत ने शिवम से कहा कि इसकी हत्या कर यहां से जल्दी निकल जाते हैं। सुबह गाजियाबाद जाकर मुझे कोर्ट मैरिज भी करनी है। हत्या के बाद दोनों किनानगर चले गए। सुबह रोहित राजपूत गाजियाबाद पहुंचा और अपनी मंगेतर से कोर्ट मैरिज की।
कई बार अराजकता फैला चुका है शिवम
हत्यारोपी रोहित और शिवम के खिलाफ भावनपुर थाने में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। शिवम भावनपुर क्षेत्र में कई बार अराजकता फैला चुका है। इसी वर्ष 6 अप्रैल की रात मित्रलोक कॉलोनी के गेट पर अपने साथियों के साथ मिलकर उसने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस ने 8 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले और 7 क्रिमिनल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।