रक्षाबंधन 2018: योगी सरकार का खास तोहफा, रोडवेज करा रही बहनों को फ्री में सफर
रक्षाबंधन पर आज योगी सरकार ने बहनों को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का तोहफा दिया है। यह सुविधा 25 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 26 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक मिलेगी। सरकार के फैसलों को अमलीजामा पहनाते हुए रोडवेज मेरठ रीजन ने महानगर के लोकल रूटों पर 100 अतिरिक्त बसों का बेड़ा शनिवार मध्य रात्रि में उतार दिया। सभी चालकों और परिचालकों को सभी बस स्टॉप पर बसों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिकायत मिलने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी गयी है।
बता दें कि मेरठ में दिल्ली रोड स्थित भैसाली बस अड्डा और गढ़ रोड स्थित सोहराब गेट डिपो से रोडवेज बसें मिलती हैं। मेरठ से बागपत, बड़ौत, मवाना, सरधना, गढ़, हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, बिजनौर, खतौली, मुजफ्फरनगर आदि रूटों पर रोडवेज की 100 अतिरिक्त बसें लगायी गयी।
केवल यूपी रोडवेज में ही यह सुविधा
सरकार की तरफ से सभी बहनों को संदेश दिया गया है कि वह केवल यूपी रोडवेज की बसों में ही यात्रा करें। अन्य किसी प्रदेश की रोडवेज बसों में यात्रा के दौरान किराया देना होगा। महानगर बस सेवा में भी रक्षाबंधन के त्यौहार पर आज सभी बहनों को फ्री यात्रा का अवसर दिया गया है।
शनिवार शाम से ही उमड़ी भीड़
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर शनिवार को ही रोडवेज और प्राइवेट बस अड्डों पर भीड़ उमड़ पड़ी। दूर जाने वाले भाई-बहनों की रोडवेज बसों में अधिक संख्या रही। हालांकि आज रविवार को रक्षाबंधन के दिन सभी रोडवेज, प्राइवेट, ट्रेनों में भारी भीड़ रहने का अनुमान है। प्रतिवर्ष रक्षाबंधन पर भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। इस बार रोडवेज प्रशासन का दावा है कि व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त कर ली गयी हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/