हवा में जहर: शाम खतरनाक तो सुबह जानलेवा, ग्रैप की उड़ रहीं धज्जियां, मेरठ में चार कोल्हुओं पर लगा 25-25 हजार जुर्माना
स्मॅाग की वजह से शहर में सुबह की हवा शाम के मुकाबले जानलेवा हो गई है। मंगलवार को शहर का औसत एक्यूआई 342 रहा। सुबह करीब नौ बजे पल्लवपुरम में पीएम 2.5 का स्तर 500 तक पहुंच गया तो गंगानगर में 460 रहा। उधर ठंड भी अब तेजी से बढ़ रही है। इसके बावजूद शहर में जगह-जगह कूड़ा जलाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में सोमवार को शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 304 था जो 24 घंटे बाद ही 342 पर पहुंच गया है। ठंड भी लगातार बढ़ रही है। सोमवार की रात इस सीजन में सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि आगामी पांच दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। दिन का तापमान 25 से 28 डिग्री और रात का तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
चार कोल्हू में जल रही थी पॉलिथीन, 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डा. योगेंद्र कुमार ने बताया कि खरदौनी गांव में जमशेद, फरमान, नफीस, नवेद के 4 कोल्हू में प्रतिबंधित ईंधन और पॉलिथीन जलाने पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। टीम को गढ़ रोड पर, कंकरखेडा, पल्लवपुरम आदि कई जगह पर कूड़ा जलता हुआ है। मोदीपुरम में एटूजेड कालोनी के पास भी दूसरे दिन कूड़ा जलता मिला। बोर्ड ने कूड़ा जलाने से रोकने के लिए नगरायुक्त को भी पत्र लिखा है।
दो सुपरवाइजरों का काटा वेतन, आज से निकलेंगी टीमें
मंगलवार को भी शहर में सोहराब गेट रोडवेज बस अडडे के बाहर स्थानीय लोगों ने अपने सामने पड़े कूड़े के ढेरों में आग लगा दी। बिजली बंबा बाईपास पर एक किसान को अपने खेत में खरपतवार को आग के हवाले करते देखा गया।
नगरायुक्त मनीष बंसल का कहना है कि वार्ड 32 सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के सामने और मलियाना में कूड़ा जलता पाए जाने पर सुपरवाइजरों का एक -एक दिन का वेतन काटा गया है। सभी सफाई निरीक्षक और सफाई नायकों को चेतावनी दी गई है कि अगर वार्डों में कूड़ा जलने की शिकायत आई तो कार्रवाई की जाएगी। बुधवार से कर अधीक्षकों को निरीक्षण के लिए लगाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मिशन 2022: पीएम मोदी दिसंबर में मेरठ से फूंकेंगे चुनावी बिगुल, कृषि विश्वविद्यालय में हैलीपैड बनाने की प्रक्रिया शुरू
मंडल में ग्रैप का सख्ती से कराएं पालन : कमिश्नर
कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को आयुक्त कार्यालय में मंडल के सभी डीएम, सीडीओ और अन्य विभागों के साथ बैठक कर प्रदूषण की रोकथाम के लिए ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) के नियमों को सख्ती से पालन कराने को कहा।
कूड़े में आग लगाने, आतिशबाजी करने, खुले में निर्माण सामग्री बेचने आदि पर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर सख्ती करने को कहा। वर्तमान में शादी विवाह के कार्यक्रमों में प्लास्टिक कप प्लेट्स आदि इत्यादि का इस्तेमाल रोका जाए। नगर आयुक्त से कहा कि मंडप संचालक एसोसिएशन के साथ बैठक कर इस संबंध में निर्देश जारी करें। नदी-नालों में कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाएं।
एनसीआर के प्रदूषित शहरों में चौथे नंबर पर मेरठ एक्यूआई 342
नवंबर माह में ज्यादा बिगड़े हालात
1 नवम्बर 319
2 नवंबर 293
3 नवंबर 296
4 नवंबर 490
5 नवंबर 440
6 नवंबर 427
7 नवंबर 421
8 नवंबर 410
9 नवंबर 425
10 नवंबर 331
11 नवंबर 325
12 नवंबर 404
13 नवंबर 322
14 नवम्बर 331
15 नवंबर 304
16 नवंबर 342