नए साल पर ठंड से कांप उठे लोग, टूट गया आठ साल का रिकॉर्ड
वेस्ट यूपी में नए साल का स्वागत शहरवासियों ने ठिठुरन के साथ किया। मौसम आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा सर्द रहा। ठंड के आगे पारा भी हार मान गया। पहाड़ों पर बर्फवारी और मैदान में शीतलहर से दिन का तापमान 5.5 डिग्री तो रात का पारा 3.3 डिग्री धड़ाम हो गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार का दिन कोल्ड डे कंडीशन पर पहुंच गया। अभी 5 जनवरी तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा।
31 दिसंबर की रात से कोहरे का असर बढ़ गया। नए साल के पहले दिन सोमवार का मौसम और भी ज्यादा सर्द हो गया। दिन भर कड़ाके की ठंड के बीच कोहरे और हल्के बादलों के कारण धूप भी नहीं खिली। मध्याह्न से ही कोहरा शुरू हो गया, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई। शाम के बाद तो मौसम और ज्यादा सर्द हो गया। कोहरे के बीच दृश्यता कम होने से हाईवे और मुख्य मार्गों पर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 94 प्रतिशत रही।
दो घंटे खिल जाए धूप
मौसम विशेषज्ञ कहते हैं कि यदि दो घंटे भी धूप ठीक से खिल जाए तो ठिठुरन का असर कम हो सकता है। रात में गिर रहा पाला खून को जमने पर मजबूर कर रहा है। पाले के कारण शरीर में गलन से महसूस हो रही है।
बाजारों पर भी असर
ठंड बढ़ने के कारण बाजारों में भी समय से पहले सन्नाटा पसर रहा है। देर रात 10 बजे तक जिन बाजारों में चहल-पहल रहती है, वहां रात आठ बजे से ही दुकानें बंद होना शुरू हो रही है। लोग सुबह को भी देर से घरों से निकल रहे हैं।
पढ़ें : कड़ाके की ठंड से दिनभर कांपते रहे लोग, देखें वेस्ट यूपी की ये तस्वीरें
क्या है कोल्ड डे कंडीशन
बढ़ती ठंड के बीच में मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 15 डिग्री के आसपास पहुंच जाता है तो उसे कोल्ड डे कंडीशन कहते हैं। यह सामान्य से सात से आठ डिग्री कम होता है। इस कंडीशन में ठिठुरन का असर बढ़ जाता है और गलन महसूस होती है। धूप अच्छी तरह से नहीं निकलती है। सर्दी बढ़ती है, जिसका असर जनजीवन पर भी दिखाई पड़ता है। सोमवार को दिन का तापमान सामान्य से 8 डिग्री नीचे आ गया है।
अभी ऐसे ही रहेगा मौसम
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच जनवरी तक कोहरे की चादर अभी और मोटी होगी। 48 से 72 घंटे तक सूरज के कम दर्शन होंगे। कोहरा अधिक रहेगा और ठंड भी असर दिखाएगी। दिन और रात का तापमान और भी गिर सकता है। सोमवार को भी तापमान सीजन में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है।
8 साल में नए साल पर मौसम
तारीख वर्ष अधिकतम तापमान
1 2010 18.3
1 2011 19.2
1 2012 21.1
1 2013 18.4
1 2014 19.0
1 2015 20.1
1 2016 17.8
1 2017 14.8
(आंकडे़ मौसम विभाग से)
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/