सपा विधायक नाहिद हसन के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, महिला ने लगाया ये गंभीर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शामली में पुलिस ने कैराना विधायक नाहिद हसन के खिलाफ गालीगलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एक महिला की तहरीर पर यह केस दर्ज हुआ है। महिला का आरोप है कि अप्रैल के महीने में विधायक ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी थी। महिला ने एसपी से मिलकर भी शिकायत की थी।
गांव खेड़ी खुशनाम निवासी शाहजहां पत्नी उम्मेदराव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पति की बोलेरो है। 2015 में उसके पति की गाड़ी किराए पर चलाने के लिए भूरा निवासी नवाब ने ली थी। तय हुआ था कि इसके बदले नवाब 15 हजार रुपये महीना और करीब 16 हजार रुपये गाड़ी कि किस्त अदा करेगा। उसके पति ने नवाब से सौदे के अनुसार महीने पर रकम मांगनी शुरू की तो नवाब ने कहा कि वो डेढ़ लाख रुपये एक साथ दे देगा जिससे दूध का काम कर लेना। उसके पति को नवाब पर शक हुआ तो उसने उससे अपनी गाड़ी वापस मांग ली। आरोप है कि नवाब ने गाड़ी वापस देने से मना कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि 22 अप्रैल को पता चला कि ये गाड़ी नवाब ने कैराना विधायक नाहिद हसन के सेलर में खड़ी कर रखी है। आरोप है कि जब वो अपने पति के साथ गाड़ी देखने सेलर पर गई, तभी विधायक नाहिद हसन का फोन आया। आरोप है कि विधायक ने फोन पर उसके पति से गालीगलौज की ओर जान से मारने की धमकी दी। उस पर मुकदमे लगवाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी। इसके बाद वे दोनों कैराना कोतवाली पहुंचे, जहां कोतवाली प्रभारी ने उस क्षेत्र के इंचार्ज को उनके साथ विधायक के सेलर पर भेजा। जब वह सेलर पर पहुंचे तो फिर से विधायक नाहिद हसन ने फोन करके गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी, तभी उसके पति को घबराकर दिल का दौरा पड़ गया।
यह भी पढ़ें: पुलिस से तेज दौड़ रहे नाहिद हसन, खोज में लगी 11 टीमें, फिर भी गिरफ्तार नहीं हुए सपा विधायक
इसके बाद हल्का इंचार्ज के कहने पर वो अपने पति को अस्पताल ले गई, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेरठ या सहारनपुर ले जाने को कहा। वह पति को सहारनपुर ले गई। फिर अगले दिन दिल्ली पंत अस्पताल में ले गई। अगले दिन थाने से फोन आया। बताया कि पुलिस उसकी गाड़ी सेलर से ले गई है। पुलिस ने गाड़ी ले जाने को कहा, लेकिन पति के इलाज की वजह से वो नहीं जा सकी। पीड़ित महिला ने बताया कि गाड़ी की किस्त और किराए के कुल एक लाख 85 हजार रुपये जुनैद पर बकाया बताते हुए दिलाने की मांग की। आरोप है कि जुनैद उन्हें धमकाता है कि वो विधायक का रिश्तेदार है। पीड़िता ने एसपी को इसकी एक ऑडियो भी सौंपी है, जिसमें विधायक द्वारा धमकी दिए जाने का दावा किया गया है। एसपी ने बताया कि महिला ने उनसे मिलकर शिकायत की थी। उसकी तहरीर पर विधायक के खिलाफ गालीगलौज, जान से मारने की धमकी आदि धारा में केस दर्ज किया गया है।
पिछले दिनों वायरल हुई थी ऑडियो
जिस मामले में ये मामला दर्ज किया है उसी से संबंधित एक ऑडियो भी पिछले दिनों वायरल हुई थी। ऑडियो में पुलिस के सायरन बजने की आवाज सुन रही थी। ऑडियो में विधायक नाहिद हसन द्वारा गालीगलौज करने का दावा किया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार तभी से पुलिस इसकी पड़ताल में लगी थी। इसी के चलते ये महिला सामने आई है।
यह भी पढ़ें: कैराना विधायक नाहिद हसन के घर पुलिस की दबिश, लटकी गिरफ्तारी की तलवार
दो दिन दबा रहा मामला
कैराना कोतवाली में ये रिपोर्ट 26 सितंबर को दर्ज हो गई थी, लेकिन पुलिस ने किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी। शनिवार को ये मामला सुर्खियों में आया है। इस मुकदमे के बाद विधायक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस ने विधायक की मुश्किल बढ़ा दी है। दरअसल पुलिस विधायक को किसी तरह की राहत नहीं देना चाहती।
पीड़ित महिला ने उनसे मिलकर पूरा मामला बताया था। उसके द्वारा शिकायत दी गई थी। जिस पर उन्होंने कैराना कोतवाली को कार्रवाई के लिए कहा था। महिला की तहरीर पर ही कैराना विधायक नाहिद हसन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसके द्वारा दी गई ऑडियो की भी जांच कराई जाएगी। विधायक पर इससे पहले भी 11 केस दर्ज हो चुके हैं। - अजय कुमार, एसपी शामली
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/