UP: एनएच-34 से जुड़ेगा नोएडा एयरपोर्ट का नया रास्ता, मेरठ-हापुड़-बुलंदशहर के यात्रियों को मिलेगी राहत
एनएच-34 से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जोड़ने की योजना को प्रदेश सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है। जेवर-खुर्जा रोड तक 15.43 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा कर डबल रोड बनाया जाएगा। इससे मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर से एयरपोर्ट पहुंचना आसान होगा।
विस्तार
यमुना सिटी एनएच-34 से होकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जाने वाले मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर के लोगों को रास्ते में जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। एयरपोर्ट के करीब जेवर-खुर्जा रोड तक 15.43 किलोमीटर की सिंगल रोड को 10 मीटर चौड़ी कर डबल रोड बनाने की योजना है।
लोक निर्माण विभाग लखनऊ की ओर से इसकी स्वीकृति के लिए प्रदेश आलाकमान को भेजा गया है। एनएच-34 से खुर्जा-जेवर मार्ग को सीधा जोड़ने के लिए चार किलोमीटर लंबे बाईपास को भी मंजूरी मिल चुकी है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जल्द ही विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इसके साथ-साथ नोएडा एयरपोर्ट को कई अन्य शहरों से सीधी कनेक्टिविटी की भी योजनाएं परवान चढ़ रही हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 7 अक्टूबर को आपके शहर में क्या हुआ
पॉटरी नगर के नाम से विख्यात खुर्जा से जेवर जाने वाली सिंगल रोड की लंबे समय से चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। इससे खुर्जा शहर और पॉटरी उद्योग को विकास को रफ्तार मिल सकती है।
क्षेत्र के लोगों की मांग पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक इस रोड के सृदढ़ीकरण और चौड़ीकरण की मांग रखी थी।
13 अक्तूबर 2024 को इस संबंध में प्रमुख सचिव को 15.68 किलोमीटर लंबे रास्ते के चौड़ीकरण के लिए पत्र लिखा गया था। लोक निर्माण विभाग मेरठ की ओर से इस योजना का सर्वे और डीपीआर करने के लिए मुख्य अभियंता लखनऊ को स्वीकृति के लिए भेजा गया।
चार किमी लंबे बाईपास के लिए जल्द होगा सर्वे
एनएच-34 को जेवर मार्ग से जोड़ने के लिए प्रस्तावित चार किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास को मंजूरी पहले ही मिल गई है। यह खुर्जा में एनएच-34 कैलाश अस्पताल के पास से खुर्जा-जेवर रोड अर्शिया इंटरनेशनल लॉजिस्टिक हब और खुर्जा रेलवे जंक्शन के निकट निकलेगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में संस्तुति दी हुई है। इसका जल्द सर्वे शुरू होने वाला है।
हवाईअड्डे तक पहुंचने की राह होगी आसान, कारोबार बढ़ेगा
जेवर-खुर्जा रोड के चौड़ीकरण और मिनी बाईपास के बनने के बाद बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ व अलीगढ़ से नोएडा हवाई अड्डे समेत जेवर, ग्रेटर नोएडा जाने के लिए पहुंचना आसान होगा। मेरठ, हापुड़ आदि शहरों के कारोबारियों को भी लाभ होगा।
मार्ग चौड़ीकरण से कई शहरों के निवासियों को नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना आसान होगा। मार्ग के चौड़ीकरण से केवल खुर्जा से जेवर आने वाले वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी। खुर्जा, बुलंदशहर समेत अन्य उद्योगों का नोएडा हवाई अड्डे तक एक बेहतर रास्ता मिलेगा। -धीरेंद्र सिंह, विधायक जेवर