Navratri 2018: व्रत की थाली खास... यहां कढ़ी के साथ चखें टिक्की का स्वाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में नवरात्र के दौरान व्रत की थाली में कुट्टू, सिंघाड़ा और चौलाई नए अंदाज में परोसी जाएगी। कुट्टू की पूड़ी, आलू-जीरा सब्जी, दही और मखाने की खीर के साथ व्रत थाली में सामक चावल पुलाव, केला टिक्की, सिंघाड़ा चॉप और कुट्टू के कबाब भी शामिल होंगे।
माता की भक्ति का विशेष पर्व नवरात्र रविवार से शुरू हो रहे हैं। नौकरीपेशा, घर से दूर रहने वाले छात्र रेस्टोरेंट में व्रत खोलने जाते हैं। शहर के होटल व रेस्टोरेंट में इस बार नवरात्र व्रत थाली में चौलाई पोहा, चौलाई टिक्की, मूंगफली की कढ़ी, केले की टिक्की भी परोसी जाएगी। विशेष यह कि थाली के मेन कोर्स का मेन्यू इस तरह प्रबंधित किया है, जो ऊर्जा देने के साथ अतिरिक्त वसा, शुगर और कैलोरी से बचाएगा। व्रत की थाली में ड्रिंक, डेजर्ट, सलाद, नमकीन सभी शामिल हैं।
थाली में हैं ये आइटम
व्रत की थाली में नमकीन, मीठा और पीने वाले आइटम में कई वैरायटी हैं। इसमें चौलाई पोहा, पनीर कुट्टू फिंगर्स, कुट्टू कस्टर्ड रोल, लौकी खीर, कुट्टू टुकड़ा, लौकी सब्जी, खिचड़ी, चौलाई टिक्की, चौलाई बरफी, चौलाई लड्डू, मूंगफली कढ़ी, कच्चे केले की टिक्की, समा बिरयानी, अरबी की सब्जी, साबूदाना पापड़, साबूदाना खिचड़ी, आलू सब्जी, पाइन एप्पल रायता, टमाटर सूप, हरी चटनी, सिंघाड़ा चॉप, सिंघाड़ा हलवा, राजगिरी हलवा, साबूदाना खीर, ठंडाई, शिकंजी, जूस, नट्स की चाट, मूंगफली करारी, मूंगफली रोस्ट, आलू टिक्की, साबूदाना टिक्की, रबड़ी, आलू का हलवा, अरबी का हलवा, क्रिस्पी अरबी प्रमुख हैं।
किटी और सामूहिक भोज में ये खास
नवरात्र के दौरान होटलों ने विशेष रूप से किटी पार्टी की व्यवस्था की है। इसमें 10 से 20 लोगों की किटी में मनचाहा व्रत का खाना ले सकते हैं। कुट्टू पूड़ी, आलू-कुट्टू स्टफ्ड कचौड़ी, आलू सब्जी, जीरा आलू, कद्दू, आलू रायता, पनीर रायता, जीरा छाछ, प्लेन शिकंजी, टमाटर सूप, चौलाई पकौड़ी, साबूदाना खिचड़ी, साबूदाना पापड़, आलू चिप्स, कुट्टू पकौड़ी, सामक चावल, फ्रूट रायता, फ्रूट क्रीम व फलों की चाट, पुडिंग को शामिल किया है।
रेसिपी
कच्चे केले के कबाब
सामग्री- कच्चे केले, सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, हरी मिर्च, हरा धनिया, तलने को रिफाइंड, मूंगफली के दाने, कुट्टू का आटा।
विधि- कच्चे केलों को गर्म पानी में भाप देकर हल्का उबाल लें। उबले केलों को छीलकर मैश करें इसमें नमक, हरी मिर्च, हरा धनिया, काली मिर्च पाउडर और दो चम्मच कुट्टू आटा मिलाएं। मूंगफली के दानों को तवे या कड़ाही में रोस्ट करके छिलका उतार लें। थोड़े दानों को बचाकर शेष दानों को मिक्सर में दरदरा कर लें। दरदरे दानों को केले के मिश्रण में मिलाकर गोल कबाब बनाएं। इसके ऊपर मूंगफली के सामान्य दाने चिपकाकर सैलो फ्राई, डीप फ्राई या तंदुर में रोस्ट कर हरी चटनी से सर्व करें।
चौलाई हलवा
सामग्री- चौलाई के दाने, चीनी, छोटी हरी इलायची, कटे हुए मेवे, घी
विधि- चौलाई के दानों क ो साफ करके मिक्सी में पीसकर आटा बना लें। बाजार में चौलाई का आटा तैयार भी मिलता है चाहें तो इसे इस्तेमाल करें। कड़ाही में घी गर्म करके उसमें चौलाई का आटा धीमी-धीमी आंच पर लाल होने तक भूनें। इसमें मेवे डालकर भूनें। आटा भुन जाए तो चीनी डालकर मिलाएं। पानी डालकर हलवे को इस तरह मिलाएं कि गुठली न पड़ें। हलवा कड़ाही छोड़ने लगे तो इलायची पाउडर डालें। चाहें तो इसमें सिंघाड़े का आटा भी मिक्स कर सकती हैं। गर्म सर्व करें।
शुद्धता और सफाई का विशेष ध्यान
आज से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। व्रत के लिए नवरात्र की थाली की व्यवस्था है। शुद्धता और सफाई का विशेष ख्याल रखते हुए पूरा खाना तैयार कराते हैं। थाली में तेल, कम तेल और बिना तेल तीनों तरह का खाना रहेगा। - गगन नारंग, संचालक क्रोम होटल दिल्ली रोड
थाली में कुछ नया किया शामिल
व्रत की थाली में कुट्टू की पूरी, सब्जी, खीर के अलावा हमने कुछ नया शामिल किया है। इसमें सामक के चावल, मूंगफली की कढ़ी, केले के कबाब प्रमुख हैं, ताकि नौ दिन तक अगर कोई व्यक्ति घर से बाहर खाना खाए तो ऑयल या शुगर की परेशानी न हो। - हिमांशु, संचालक यैलो चिली रेस्टोरेंट
बच्चों का भी रखा ध्यान
नवरात्र की थाली में बच्चों का भी ख्याल रखा है, ताकि बच्चे मम्मी-पापा के साथ व्रत की थाली को एंजाय करें। बच्चों के हिसाब से हमने आलू पॉप, फिंगर्स, साबूदाना चॉप, सिंघाड़ा चॉप, मूंगफली रोस्ट को शामिल किया है। - शेखर भल्ला, संचालक ब्रावुरा होटल
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/