मुजफ्फरनगर: भाकियू नेताओं ने रोका रेल इंजन, फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी कब्जाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दस साल पुराने ट्रैक्टर बंद कराने से खफा भाकियू ने रेलवे महकमे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को भाकियू नेताओं ने रेलवे स्टेशन के मालगोदाम पर एक रेल इंजन को रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने धरनास्थल के पास खड़ी फायर ब्रिगेड और सहायक निदेशक मत्स्य की गाड़ी भी रोक ली। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि दस साल पुराने ट्रैक्टर पर पाबंदी है, तो ट्रेनों में दस साल पुराने डीजल इंजन को भी नहीं लगाना चाहिए। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी है कि मुजफ्फरनगर स्टेशन से कोई डीजल इंजन नहीं गुजरने दिया जाएगा। देर रात तक भाकियू कार्यकर्ता स्टेशन पर ही डेरा डाले हुए थे।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गुरुवार दोपहर करीब एक बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी भाकियू नेताओं ने मालगोदाम पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे की डीजल एवं विद्युत चालित इंजन को लूप लाइन पर खड़ा करा लिया और उस पर भाकियू के झंडे लगा दिए। इंजन को ट्रैक्टर से खींचकर आगे ले जाया गया। सूचना पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एआरटीओ विनीत कुमार मिश्रा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों समेत पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान अधिकारियों से वार्ता में राकेश टिकैत ने साफ कहा कि जब किसानों के दस साल पुराने ट्रैक्टर बंदी के दायरे में हैं, तो रेलवे के डीजल इंजन भी नहीं चलने चाहिए। मुजफ्फरनगर स्टेशन से एक भी डीजल इंजन की ट्रेन को नहीं गुजरने दिया जाएगा। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने वहां पहुंची फायर ब्रिगेड को भी रोक लिया। नंबर की जांच से पता लगा कि वह वर्ष 1986 की है।
वहीं भाकियू नेताओं ने अधिकारियों से रेल इंजन और फायर ब्रिगेड की गाड़ी को सीज करने को कहा, लेकिन उन्होंने हाथ खड़े कर दिए। शाम को वहां से गुजर रहे सहायक निदेशक मत्स्य की गाड़ी को भी वहीं रोक लिया गया। उन्हें गाड़ी के कागजात लाकर दिखाने को कहा। इस दौरान 1.20 बजे बांद्रा-लखनऊ-बांद्रा-हरिद्वार, 1.40 बजे इंदौर-देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस और 2.15 बजे ऋषिकेश दिल्ली पैसेंजर ट्रेनें वहां से गुजरी। इनमें इलेक्ट्रिक इंजन लगे होने के कारण रोका नहीं गया। शाम को दोबारा वार्ता के लिए गए एडीएम प्रशासन, सिटी मजिस्ट्रेट, एआरटीओ और एएसपी सिटी ओमवीर सिंह को भी धरने पर अपने बीच बैठा लिया गया। धरने पर दीपक बालियान, विपुल निर्वाल, धीरज लाटियान, चौधरी सौदान सिंह, युवा जिलाध्यक्ष ठाकुर सतेंद्र सिंह, राजू पीनना समेत बड़ी संख्या में भाकियू नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रूट पर नहीं कोई है डीजल इंजन
स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि भाकियू के धरने के संबंध में दिल्ली कंट्रोल रूम को सूचना दे दी गई है। इस रूट पर डीजल इंजन नहीं चलता। सभी ट्रेन इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित है। रूट की कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/