{"_id":"58cedbdc4f1c1b2f4a1a14b1","slug":"murder-of-suspected","type":"story","status":"publish","title_hn":"चोरी के शक में युवक की हत्या, पुलिस का घेराव कर किया हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चोरी के शक में युवक की हत्या, पुलिस का घेराव कर किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
Updated Mon, 20 Mar 2017 01:06 PM IST
विज्ञापन
युवक की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की चमन कॉलोनी में शनिवार देर रात लोगों ने एक युवक की चोरी होने के शक में पीटकर मार डाला। घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों ने पुलिस का घेराव कर जमकर हंगामा किया। उन्होंने बेटे की घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं, इंस्पेक्टर ने युवक को चोर गिरोह का सदस्य बताया है। परिजनों की तहरीर पर एक नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
लोगों ने पुलिस को बताया कि शनिवार देर रात करीब तीन बजे चमन कॉलोनी निवासी मकसूद के घर में दो चोर घुस गए। मकसूद ने आंख खुलने पर शोर मचा दिया। इस पर लोगों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग गया। लोगों ने पकड़े गए युवक को चोर बताते हुए पेड़ से बांधकर कई घंटे जमकर पीटा।
विज्ञापन
सूचना पर रविवार तड़के करीब पांच बजे पुलिस पहुंची और युवक अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक अफजाल (26) पुत्र इरशाद निवासी ईदगाह गोल्डन मोहल्ला था। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलिस को घेरकर हंगामा कर दिया। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट सीबी यादव के अनुसार इरशाद की तहरीर पर मकसूद को नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
इरशाद ने बताया कि वे लोग पहले तारापुरी में रहते थे। कुछ दिन पूर्व ही ईदगाह गोल्डन कॉलोनी में आए थे। अफजाल पहले रिक्शा चलाता था, तभी उसका एक पैर टूट गया था। वह नशे का आदि था, लेकिन गलत काम नहीं करता था। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी अमरीना से हुई थी।
गैंगस्टर लग चुकी अफजाल पर
इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट सीबी यादव ने बताया कि अफजाल चोर गिरोह का सदस्य था। लिसाड़ीगेट के अलावा कई थानों में उसके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज हैं। 2010 में उस पर गैंगेस्टर भी लगी थी। उसके शरीर पर ज्यादा चोट नहीं थी। केवल पैर में ही चोट का निशान था।
परिजन बोले, घर से बुलाकर की गई हत्या
घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि अफजाल शनिवार शाम सात बजे से गायब था। एक युवक उसे घर से बुलाकर ले गया था। उसकी घर से बुलाकर हत्या की गई है और बचने के लिए इसे चोरी का रूप दिया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग पुलिस पर दबाव बनाकर इस केस को हल्का कराने की कोशिश कर रहे हैं।
लोग बोले, छत से कूदने से लगी गंभीर चोट
इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट के अनुसार मोहल्ले वाले उसकी ज्यादा पिटाई करने की बात से मना कर रहे हैं। उनका कहना है कि पकड़े जाने के डर से अफजाल छत से कूद गया था। संभवत: इसी वजह से उसे गहरी चोट लगी, जिससे उसकी मौत हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।