मुजफ्फरनगर में दलित युवक की गोली मारकर हत्या, सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत
मुजफ्फरनगर में दलित युवक रामदास उर्फ काला की बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वर्ष 2013 में मुजफ्फरनगर में दंगे के दौरान कुटबा में भी आठ लोगों की हत्या कर दी गई थी, रामदास भी इसमें आरोपी था। हत्या की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी देहात कई थानों की पुलिस के साथ गांव में पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।
शाहपुर में गांव कुटबा निवासी रामदास उर्फ काला (42) पुत्र खजान अपने घर के आंगन में सो रहा था और उसके परिजन खेतों पर गए हुए थे। उसके तीन बच्चे नेहा, विशाल व टिंकू घर की छत पर थे। उसी समय बाइक सवार दो नकाबपोश रामदास के घर पहुंचे, जिनमें से एक युवक घर में गया और बरामदे में सो रहे रामदास की कनपटी पर तमंचा रखकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद हत्यारोपी साथी की पहले से स्टार्ट बाइक पर बैठकर फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर छत पर मौजूद तीनों बच्चे नीचे आए और रामदास को लहूलुहान देख शोर मचाया, तब लोगों को घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर एसपी देहात आलोक शर्मा, सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव फुगाना व भौराकलां थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों से घटना की जानकारी ली। सीओ हरिराम यादव ने बताया कि देर शाम तक घटना की तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/