एलानिया मर्डर: बेटियों के सामने पिता की हत्या, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम, स्वीमिंग पूल का खौफनाक सीन CCTV में कैद
मेरठ के लोहियानगर में स्वीमिंग पूल परिसर में मंगलवार रात कपड़ा कारोबारी की एलानिया गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की यह खाैफनाक वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
विस्तार
मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के जुर्रानपुर फाटक के पास स्वीमिंग पूल परिसर में मंगलवार रात कपड़ा कारोबारी अरशद की सिर में गोली मारकर एलानिया हत्या कर दी गई। दो पुत्रियों और एक पुत्र के सामने ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पड़ोसी युवक और उसके साथियों पर रंगदारी न देने पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह शांत किया और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म निवासी हाजी अरशद पुत्र अमीर अहमद कपड़ा कारोबारी थे। मंगलवार शाम वह अपनी दो पुत्रियों आयत व कुलसुम और बेटे उमर को लोहियानगर क्षेत्र के जुर्रानपुर फाटक के पास दारा सिंह के स्वीमिंग पूल में नहलाने गए थे। यहां नहाने के बाद वे लौटने की तैयारी कर रहे थे।
हत्या की सूचना पर लोहियानगर पुलिस पहुंची और परिजन भी आ गए। परिजनों ने बिलाल और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने कहा कि रंगदारी न देने पर वारदात की गई।
सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को शांत कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी बिलाल और उसके भाई दाऊद, जाहिद, असलम और इमरान के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
वारदात के बाद मची भगदड़
वारदात से पहले अरशद के बच्चे कपड़े बदल रहे थे। तीनों बच्चों के सामने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। सभी लोग बाहर की ओर भागे जबकि तीनों बच्चे पिता को लहूलुहान देखकर रोने लगे। उनकी आंखों के सामने ही पिता ने दम तोड़ दिया था। वहीं, पति की हत्या की जानकारी मिलने पर पत्नी समरीन बेसुध हो गई।
अरशद के खिलाफ दर्ज हैं 17 मुकदमे
सीओ के मुताबिक अरशद के खिलाफ लूट और चोरी के 17 मुकदमे हैं। पड़ोसी बिलाल भी अपराधी है। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। अरशद और उसका भाई असद कई बार जेल जा चुके हैं। दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।