मेरठ में मनचले की धुनाई: युवती ने हाइवे पर पकड़कर जमकर धोया, बोली- कई बार कर चुकी शिकायत, रोज करता है परेशान
मेरठ में नेशनल हाईवे-58 पर शनिवार सुबह ड्यूटी जा रही एक युवती ने मनचले की जमकर धुनाई कर डाली।
विस्तार
मेरठ में नेशनल हाईवे-58 पर शनिवार सुबह ड्यूटी जा रही एक युवती ने मनचले की जमकर धुनाई कर डाली। आरोपी युवक काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी युवक को लेकर थाने आ गई। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती ने पुलिस को बताया कि वह परतापुर में एक कंपनी में काम करती है। शनिवार को युवती ड्यूटी पर जा रही थी। किसी बीच बाइक सवार एक युवक ने युवती को हाईवे स्थित यूवी क्लब के सामने रोक लिया। वहीं युवती पर दोस्ती करने का दबाव डालने लगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: आपसी सहमति से हटाई गई 168 साल पुरानी मस्जिद, आधी रात को पुलिस अधिकारियों की माैजूदगी में हुई कार्रवाई
इसके बाद युवती ने आरोपी युवक को मौके पर पकड़ लिया और जमकर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक काफी समय से परेशान कर रहा है। आरोपी मुरादनगर का रहने वाला है। युवती ने आरोपी के खिलाफ सरधना व कंकरखेड़ा थाने में पूर्व में शिकायत कर रखी है। मगर युवती की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।