फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Mission Election: Modi says No matter how corrupt someone is, action will be taken

Mission Election: मोदी बोले-कोई कितना भी बड़ा भ्रष्टाचारी हो, एक्शन होगा, देश लूटने वालों को धन लौटाना पड़ेगा

Mon, 01 Apr 2024 12:29 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 01 Apr 2024 12:29 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ से तीसरी बार अपने चुनावी अभियान का आगाज किया। एक तरफ दिल्ली में गठबंधन की रैली में विपक्ष पीएम मोदी पर हमलावर रहा तो वहीं मेरठ से पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लंबी लड़ाई करने का एलान कर दिया।

विज्ञापन
Mission Election: Modi says No matter how corrupt someone is, action will be taken
मेरठ में पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेरठ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ लोग भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई से बौखला गए हैं। मोदी का मंत्र है भ्रष्टाचार हटाओ और वे कहते हैं कि भ्रष्टाचारी बचाओ। यह दो खेमों की लड़ाई है। एक खेमा है एनडीए, जो भ्रष्टाचारियों को हटाने के लिए खड़ा है तो इंडी गठबंधन भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लड़ रहा है। 

विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में मोदीपुरम के केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान से चुनावी अभियान की शुरुआत की। पश्चिम को साधने के लिए रैली का नाम चौधरी चरण सिंह गौरव सम्मान समारोह दिया गया। दिल्ली के रामलीला मैदान में गठबंधन की महारैली में एकजुट विपक्ष प्रधानमंत्री के खिलाफ हमलावर था। वहीं, पीएम मोदी ने इसके जवाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को और तेज करने का एलान कर दिया। 

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी कितना भी बड़ा हो उस पर एक्शन होगा, जिसने देेश को लूटा है उसे लौटाना ही पड़ेगा। कांग्रेस और इंडी एलायंस देश की अखंडता को तोड़ रहे हैं। इनको लगता है मोदी इनसे डर जाएगा। मेरा देश ही मेरा परिवार है। हमारी सरकार लोगों का लूटा गया धन लौटाने की योजना पर काम कर रही है। ईडी ने जो संपत्तियां जब्त की हैं, उनका रिकॉर्ड मिला तो जिनका पैसा है, वह उन्हें लौटाया जाएगा। उनकी सरकार में बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे हैं। उन्हें सुप्रीम कोर्ट तक से जमानत नहीं मिल रही। कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। हालत यह है कि लोगों के बिस्तर, अलमारी और वाशिंग मशीन से नोट निकल रहे हैं। कुछ योजनाओं में 17,000 करोड़ रुपये जिनके लूटे गए थे, उसे हमने लौटा दिया है।  



कांग्रेस ने कभी नहीं किया चौधरी चरण सिंह का सम्मान
चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों के हित के लिए सोचा और अब हमारी सरकार भी किसानों के लिए काम कर रही है। कांग्रेस ने कभी चौधरी चरण सिंह का सम्मान नहीं किया। यहां तक कि रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह एक बार सदन में बोलने के लिए खड़े हुए तो उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई, उन्हें अपमानित किया गया। - नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

 

एनडीए भ्रष्टाचार के खिलाफ और इंडी गठबंधन भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लड़ रहा 
चुनाव भारत को तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने का है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के घटक देश को तोड़ने का काम करते रहे हैं। तमिलनाडु के कच्चातिवु द्वीप को कांग्रेस ने गैरजरूरी बताते हुए छोड़ दिया था। उन्होंने मां भारती का एक अंग काटकर अलग कर दिया था। देश कांग्रेस के रवैये की कीमत चुका रहा है और इंडी गठबंधन के डीएमके जैसे घटक दलों के मुंह पर ताला लगा हुआ है। कहा, भारत का समय आ गया है अब भारत चल पड़ा है। अब एक-एक वोट विकसित भारत के लिए पड़ेगा।  

जो भी काम असंभव लगता था, सरकार ने  करके दिखा दिया
मोदी ने कहा, सबको असंभव लगता था कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा। साथ ही तीन तलाक, महिला आरक्षण, अनुच्छेद 370, वन रैंक वन पेंशन, जैसे मुद्दे भी असंभव लगते थे। उनकी सरकार में सब कुछ संभव हुआ है। ब्रज में कान्हा और राधा ने तो हर बार की तरह होली खेली, लेकिन इस बार रामलला ने भी खूब होली खेली। उनकी सरकार ने इन सब कामों को संभव बनाया। तीन तलाक पर बने कानून ने हजारों मुस्लिम बहनों की जिंदगी बचाई है। नारी शक्ति वंदन के साथ-साथ पुलिस और अर्धसैनिक बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।

विज्ञापन

पांच साल बाद हिसाब मांग लेना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 के चुनाव का भी वादा कर गए। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है। उनकी आने वाली सरकार 100 दिनों के रोडमैप पर काम कर रही है।
फैसलों पर काम चल रहा है। अभी तक 10 साल के विकास का ट्रेलर देखा है। देश को काफी आगे लेकर जाना है। उन्होंने लोगों से कहा कि 2029 में सबका हिसाब दूंगा। वह बोले कि मोदी गरीबी से तपकर यहां पहुंचा है। हर गरीब का दुख और पीड़ा वह अच्छी तरह से समझते हैं। उनकी सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रही है। उन्होंने गरीबों का स्वाभिमान लौटाया है। जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसे मोदी ने पूजा है।

लोगों को मिलेगी मुफ्त बिजली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पीएम सूर्यउदय हर घर मुफ्त बिजली योजना से लोगों की बिजली समस्या दूर होगी। इससे हर घर को निशुल्क बिजली मिलेगी। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगेंगे। इसके लिए 75 हजार रुपये का अनुदान सरकार देगी। हमारी सरकार ने ढाई करोड़ घरों को बिजली कनेक्शन देकर उनके जीवन से अंधेरा दूर किया है।  
 

दंगावादी और कर्फ्यूवादी आपकी आजीविका पर प्रहार करेंगे : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधने के साथ ही भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि दोनों की सरकार में लोगों ने दंगों-कर्फ्यू की यातनाएं झेली हैं। ये दंगावादी और कर्फ्यूवादी लोग आपकी आजीविका पर प्रहार करते थे। अब भी करेंगे। विकास को प्रभावित करने का प्रयास होगा। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर भी इन्होंने प्रहार किया। विभाजनकारी ताकतें सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने भाषण की शुरुआत शहीद धनसिंह कोतवाल गुर्जर का नाम लेकर की। 

कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि बाबा औघड़नाथ की धरा को प्रधानमंत्री ने चुनाव प्रचार के शुभारंभ के लिए फिर चुना है। हम सब जानते हैं कि पिछले 10 वर्ष में देश के अंदर उन्होंने नए भारत का दर्शन कराया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से देश और प्रदेश की तस्वीर बदली है। किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को सम्मान देने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।  

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न किसानों का सम्मान : जयंत
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानों का सम्मान किया है। यदि पीएम नरेंद्र मोदी नहीं होते तो चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलना संभव नहीं था। पीएम ने चौधरी साहब की कर्मभूमि मेरठ को ही लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए चुना है।

अब मेरठ क्षेत्र के लोगों का दायित्व है कि वे अपना फर्ज अदा करें। कहा, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देश के किसानों, कमेरों, नौजवानों और सीमा पर तैनात जवानों के लिए सम्मान का प्रतीक है। भारत रत्न सम्मान समारोह के बाद पीएम मोदी ने मेरठ को ही चुनावी रैली के लिए क्यों चुना, यह मेरठवासियों को सोचना होगा क्योंकि पीएम यहीं से देशवासियाें को संदेश देना चाहते हैं कि वह किसानों के प्रति कितने गंभीर हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed